आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र, मोबाइल व उपकरण वितरित

आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र, मोबाइल व उपकरण वितरित
विशेष रिपोर्ट -मो कलीम अंसारी
सहारनपुर कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र, मोबाइल फोन और ग्रोथ मॉनिटरिंग डिवाइस वितरित किए गए। कार्यक्रम में विधायक गंगोह किरत सिंह, विधायक नकुड़ मुकेश चौधरी एवं पूर्व विधायक नरेश सैनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किए गए संबोधन और नियुक्ति पत्र वितरण का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया। जनपद की 60 नव चयनित आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए, जबकि 60 कार्यकत्रियों को मोबाइल फोन और 10 को ग्रोथ मॉनिटरिंग डिवाइस प्रदान किए गए। साथ ही 31 आंगनबाड़ी केंद्रों का शिलान्यास व लोकार्पण किया गया। विधायक किरत सिंह ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों को सशक्त और आधुनिक बनाया जा रहा है, जहां एलईडी स्क्रीन, आरओ, पोषण वाटिका व अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। विधायक मुकेश चौधरी ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के प्रयासों से कुपोषण में कमी आने की बात कही। जिला कार्यक्रम अधिकारी दुर्गेश प्रताप सिंह ने बताया कि जनपद में इस वर्ष 665 सहायिकाओं की नियुक्ति की गई है, जो प्रदेश में सर्वाधिक है। पिछले वर्ष 53 केंद्रों का निर्माण पूरा हुआ, जबकि 117 केंद्र निर्माणाधीन हैं। कार्यक्रम में जिला पंचायत राज अधिकारी प्रदीप कुमार द्विवेदी सहित विभिन्न अधिकारी एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां उपस्थित रहीं।



