कामकाजी महिलाओं के लिए बने वूमेन हॉस्टल प्रोजेक्ट को मिला राष्ट्रीय सम्मान, स्मार्ट सिटी सहारनपुर ने बढ़ाया जिले का मान

कामकाजी महिलाओं के लिए बने वूमेन हॉस्टल प्रोजेक्ट को मिला राष्ट्रीय सम्मान, स्मार्ट सिटी सहारनपुर ने बढ़ाया जिले का मान
सहारनपुर । सहारनपुर स्मार्ट सिटी को नोएडा में आयोजित 33वें कॉन्कलेव इंडिया स्मार्ट सिटीज एक्सपो 2026 में राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। शहर में कामकाजी महिलाओं के लिए तैयार किए गए वूमेन हॉस्टल प्रोजेक्ट को “कामकाजी महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए स्मार्ट पहल” श्रेणी में प्रतिष्ठित पुरस्कार मिला।
कॉन्कलेव से लौटने के बाद स्मार्ट सिटी कंपनी सचिव शंकर तायल ने यह सम्मान चिह्न और प्रमाणपत्र स्मार्ट सिटी सीईओ एवं नगरायुक्त शिपू गिरि को सौंपा।
नगरायुक्त शिपू गिरि ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि वूमेन हॉस्टल प्रोजेक्ट कार्यरत महिलाओं को सुरक्षित, आधुनिक और सुविधाजनक आवास उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ी पहल है। उन्होंने बताया कि हॉस्टल को महिलाओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है, जहां सुरक्षा और सुविधा दोनों का विशेष ध्यान रखा गया है।
हॉस्टल में सीसीटीवी निगरानी, 24 घंटे सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छ और सुसज्जित कमरे, सामुदायिक स्थान तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इससे महिलाओं को न केवल सुरक्षित माहौल मिलेगा, बल्कि वे आत्मनिर्भर बनकर अपने करियर को भी आगे बढ़ा सकेंगी।
अपर नगरायुक्त एवं एसीईओ प्रदीप कुमार यादव ने कहा कि यह पुरस्कार सहारनपुर को एक सुरक्षित, समावेशी और स्मार्ट शहर के रूप में स्थापित करने की दिशा में अहम साबित होगा। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी की यह पहल शहरी विकास के साथ-साथ सामाजिक सशक्तिकरण का भी बेहतरीन उदाहरण है।
इस अवसर पर स्मार्ट सिटी जीएम दिनेश सिंघल, लेखाधिकारी मनोज त्रिपाठी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



