स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26: शहर में सफाई दिखेगी शत-प्रतिशत, नाले-नालियों पर लगेंगे फ्लोटिंग ट्रैश बैरियर

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26: शहर में सफाई दिखेगी शत-प्रतिशत, नाले-नालियों पर लगेंगे फ्लोटिंग ट्रैश बैरियर
सहारनपुर। नगर निगम ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। नगरायुक्त शिपू गिरि ने जलकल, निर्माण, गैराज और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए कि एक अप्रैल से शहर में स्वच्छता, सफाई और सौंदर्यीकरण का कार्य पूरी तरह नजर आना चाहिए।
नगरायुक्त ने कहा कि शहर के नाले और नालियों में फ्लोटिंग ट्रैश बैरियर लगाए जाएंगे, ताकि बहकर आने वाला पॉलिथीन, रैपर और अन्य कचरा एक जगह रुक सके और उसे समय रहते हटाया जा सके। इससे कचरा आगे नहीं बह पाएगा और जल निकासी व्यवस्था भी बेहतर रहेगी।
उन्होंने कूड़ा ट्रांसफर स्टेशनों से समय पर कूड़ा उठाने और उसके बाद वहां तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही कूड़ाघरों और सामुदायिक शौचालयों की साफ-सफाई के साथ पेंटिंग कराकर उनका सौंदर्यीकरण करने पर भी जोर दिया गया।
नगर निगम शहर के प्रमुख स्थानों पर सेल्फी पॉइंट भी बनाएगा, जिससे साफ-सफाई के साथ शहर की सुंदरता भी बढ़ाई जा सके। इसके अलावा जिन इलाकों में नालियां नहीं हैं या ढलान की समस्या के कारण जलभराव होता है, वहां निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा।
गैराज विभाग द्वारा ऐसे 34 स्थानों को चिन्हित किया गया है, जहां जल निकासी की समस्या रहती है। नगरायुक्त ने हर वार्ड में वेस्ट टू वंडर पार्क या सुंदर कॉर्नर विकसित करने के निर्देश भी दिए हैं।
बैठक में निर्माण विभाग, जलकल विभाग, स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ सफाई निरीक्षक और एनजीओ वालंटियर्स भी मौजूद रहे।



