निगम बोर्ड ने किया 752 करोड़ 76 लाख का बजट पारित कार्यकारणी द्वारा पारित मूल बजट में की गयी 14 करोड़ की वृद्धि बजट के अतिरिक्त आठ अन्य प्रस्ताव भी किये गए सर्वसम्मति से पास

निगम बोर्ड ने किया 752 करोड़ 76 लाख का बजट पारित कार्यकारणी द्वारा पारित मूल बजट में की गयी 14 करोड़ की वृद्धि बजट के अतिरिक्त आठ अन्य प्रस्ताव भी किये गए सर्वसम्मति से पास
सहारनपुर । महापौर डॉ. अजय सिंह की अध्यक्षता में नगर निगम बोर्ड की बैठक में आज वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 752 करोड़ 76 लाख 37 हजार रुपये का मूल बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया। यह बजट कार्यकारणी की बैठक में पारित किये गए मूल बजट 738 करोड़ 48 लाख 57 हजार रुपये से 14 करोड़ 27 लाख 80 हजार ज्यादा है। सदन ने प्रदेश सरकार से पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना के अंतर्गत ढमोला की सफाई के लिए लगभग 10 करोड़ रुपये स्वीकृत कराने के लिए तालियों की गड़गड़ाहट के बीच महापौर डॉ. अजय कुमार का आभार जताया। ढमोला क्षेत्र से सम्बंधित पार्षदों ने महापौर का बार-बार आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महानगर के लिए यह महत्वपूर्ण कार्य है, इससे शहर की बड़ी आबादी को राहत मिलेगी।
लेखाधिकारी मनोज त्रिपाठी ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए संशोधित 752 करोड़ 76 लाख 37 हजार रुपये का मूल बजट सदन में प्रस्तुत किया जिसे चर्चा के बाद सर्वसम्मति से पारित किया गया। लेखाधिकारी ने बताया कि कार्यकारणी में पारित 738 करोड़ 48 लाख 57 हजार रुपये के बजट में निर्माण विभाग के 14 करोड़ 27 लाख 80 हजार का बजट बढ़ जाने के कारण ये वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि निर्माण विभाग के इस 14 करोड़ के बजट में प्रदेश सरकार द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना के अंतर्गत सहारनपुर के शहरी क्षेत्र (शाकुंभरी विहार से ग्राम पिंजौरा तक) में ढमोला नदी की सिल्ट/गार्बेज/स्लश आदि के सफाई व निर्माण कार्य के लिए स्वीकृत करीब दस करोड़ रुपये का कार्य भी शामिल है। उन्होंने बताया कि उक्त धनराशि की पहली किश्त लगभग पांच करोड़ रुपये जिलाधिकारी कोष में प्राप्त हो चुके है जिन्हें सोमवार को नगर निगम द्वारा अपने कोष में प्राप्त कर लिया जायेगा।
लेखाधिकारी ने बताया कि बजट में 32 गांवों के लिए अलग से 06 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा अंतयेष्टि स्थल विकास के लिए दो करोड़ तथा विकास निधि के रुप में 12 करोड़ का प्रावधान रखा गया है। पारित बजट में जलकल के लिए 59 करोड़ 20 लाख, निर्माण के लिए 284 करोड़ 15 लाख, स्वास्थय के लिए 21 करोड़ 30 लाख, गौशाला के लिए 08 करोड़ 25 लाख रुपये, उद्यान के लिए 06 करोड़ 18 लाख तथा पथ प्रकाश के लिए 18 करोड़ 07 लाख रुपये की व्यवस्था की गयी है।
महापौर की अनुमति से बजट के अतिरिक्त सदन में आठ नये प्रस्ताव भी सर्व सम्मति से पारित किये गए। जिनमें प्रशासनिक दक्षता के लिए स्वास्थय एवं गैराज विभाग के कार्यो एवं बजट को अलग-अलग विभाजित करना शामिल रहा। इसके अलावा महानगर के विभिन्न शमशान घाटों में निर्माण कार्य की महापौर द्वारा पूर्व में दी गयी स्वीकृति पर भी सदन ने अपनी मुहर लगायी। इसके अलावा बेहट रोड स्थित निगम की भूमि पर स्थित बस पार्किंग के शुल्क में 10 प्रतिशत की वृद्धि कर नवम्बर 2025 से सितम्बर 2026 तक एक लाख 58 हजार 400 रुपये प्रतिमाह के लिए अस्थायी स्वीकृति दी गयी।
सहारनपुर स्मार्ट सिटी द्वारा निर्मित सीनियर सिटीजन केयर सेंटर का संचालन करने के लिए सीनियर सिटीजन वेल्फेयर सोसायटी को वार्षिक शुल्क निर्धारित करते हुए पंाच वर्ष के लिए आवंटित किये जाने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। शुल्क निर्धारण के लिए सर्वसम्मति से महापौर को अधिकृत किया गया। बैठक में पार्षदों द्वारा उठाये गए प्रश्नों पर महापौर डॉ. अजय कुमार एवं नगरायुक्त शिपू गिरि ने जवाब देते हुए उनकी जिज्ञासाओं को शांत किया। बैठक में सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक का संचालन सदन प्रभारी व सहायक नगरायुक्त जेपी यादव ने किया।



