वार्ड 67 में टूटी पाइपलाइन से जलभराव, दो दिन से परेशान लोग, पार्षद की कार्यशैली से आक्रोश

वार्ड 67 में टूटी पाइपलाइन से जलभराव, दो दिन से परेशान लोग, पार्षद की कार्यशैली से आक्रोश
सहारनपुर| नगर निगम के वार्ड 67 स्थित एकता कॉलोनी की झूले वाली गली में पाइपलाइन टूटने से पिछले दो दिनों से जलभराव की गंभीर समस्या बनी हुई है। गली में जमा गंदे पानी के कारण स्थानीय निवासियों का जनजीवन प्रभावित हो गया है और लोगों को आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि उन्होंने कई बार संबंधित पार्षद डॉ. मोहतसिम को शिकायत दी, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं कराया गया। इससे लोगों में भारी नाराजगी और आक्रोश देखने को मिल रहा है। स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि मजबूर होकर मोहल्ले के लोगों ने अपने खर्चे पर पाइपलाइन को ठीक कराने का प्रयास शुरू कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जलभराव के कारण क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है, जिससे डेंगू, मलेरिया जैसे संक्रामक रोग फैलने का खतरा बना हुआ है।



