नव संवत्सर पर गूंजा सांस्कृतिक गौरव का संदेश, भारत विकास परिषद ने चुने नए पदाधिकारी

नव संवत्सर पर गूंजा सांस्कृतिक गौरव का संदेश, भारत विकास परिषद ने चुने नए पदाधिकारी
रायबरेली में भारत विकास परिषद का नव संवत्सर कार्यक्रम अत्यंत भव्यता और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में परिषद के सदस्यों एवं गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता परिषद के अध्यक्ष अरविंद श्रीवास्तव ने की।
अध्यक्ष अरविंद श्रीवास्तव ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि परिषद रायबरेली में सेवा, संस्कार और संपर्क के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए कटिबद्ध है। प्रांतीय उपाध्यक्ष नवल किशोर बाजपेई ने परिषद द्वारा संचालित विभिन्न सेवा कार्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक अमित कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि भारत प्राचीन काल से ही ज्ञान, विज्ञान और संस्कृति का केंद्र रहा है। हमारे वेद और शास्त्र आज भी पूरी दुनिया को मार्गदर्शन देने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने कहा कि भारत के लोगों में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है, और हम शिक्षा, उद्योग एवं व्यापार के क्षेत्र में विश्व में अग्रणी भूमिका निभा सकते हैं।
उन्होंने सभी से आह्वान किया कि भारतीय नव वर्ष को गर्व और उत्साह के साथ मनाएं तथा अपनी संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। इस अवसर पर परिषद के प्रांतीय महासचिव शशिकांत सक्सेना ने शाखा के सदस्यों की सहमति से निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराते हुए आगामी सत्र के लिए उमेश अग्रवाल को अध्यक्ष, प्रभात श्रीवास्तव को सचिव एवं विजय सिंह को कोषाध्यक्ष चुने जाने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का दायित्व ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन क्षेत्रीय सेवा संयोजक अम्बरीष अग्रवाल एवं विवेक सिंह ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर परिषद के पूर्व क्षेत्रीय संरक्षक डॉ. आर. बी. श्रीवास्तव, संरक्षक सुभाष चंद्र श्रीवास्तव, प्रथम महिला सीमा श्रीवास्तव, पूर्व अध्यक्ष कमलेश चंद्र श्रीवास्तव, डॉ.चम्पा श्रीवास्तव, संजीव नंदी, शूरवीर सिंह, रवि शंकर चटर्जी, वी. के. अग्निहोत्री, राकेश मिश्रा, ममता अग्रवाल, विभा श्रीवास्तव, नीरज गुप्ता, राजेश श्रीवास्तव, शिव कुमार गुप्ता, कंचन श्रीवास्तव, दिवाकर द्विवेदी रविंद्र नाथ हरि, डॉ. अमिता खुबेले, गजानन खुबेले, राजा राम मौर्य, अजय श्रीवास्तव, सुरेश चंद्र शुक्ला, देवेंद्र श्रीवास्तव, नीलिमा श्रीवास्तव, वाणी पांडेय, पवन श्रीवास्तव, अजय मिश्रा, सतीश श्रीवास्तव, किरन मिश्रा, मंगलेश श्रीवास्तव, स्नेहलता श्रीवास्तव, विनोद दुबे, के. के. श्रीवास्तव सहित अनेकों सदस्य उपस्थित रहे।



