#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशब्रेकिंग न्यूज़रायबरेली

भारत की जनगणना-2027

भारत की जनगणना-2027

रायबरेलीः- 18 मार्च 2026
          भारत सरकार द्वारा प्रस्तावित जनगणना 2027 के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन के दृष्टिगत जनपद रायबरेली में व्यापक स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आयोजित 03 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम बैच का अंतिम दिवस है, जो जिला पंचायत प्रतिनिधि सभागार, दरीबा, रायबरेली में संपन्न हो रहा है।
          इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 36 फील्ड ट्रेनरों को शासन स्तर से प्रशिक्षित 04 मास्ट्रेनरों के द्वारा प्रशिक्षित किया जा रहा है, जो आगे चलकर जनगणना कार्य में अन्य कार्मिकों को प्रशिक्षण प्रदान करेंगे। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को जनगणना की समस्त प्रक्रियाओं, डेटा संकलन की विधियों, डिजिटल उपकरणों के प्रभावी उपयोग, मोबाइल एप्लिकेशन के संचालन तथा शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी जा रही है।
इसके अतिरिक्त, आगामी चरण में दिनांक 19, 20 एवं 23 को दो बैचों में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें कुल 62 अन्य कार्मिकों/फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षित किया जाना प्रस्तावित है। इस प्रकार जनपद में चरणबद्ध तरीके से सभी संबंधित कार्मिकों को प्रशिक्षित कर जनगणना कार्य को सुचारू रूप से संपादित करने की तैयारी की जा रही है।
          जिलाधिकारी हर्षिता माथुर द्वारा प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु निर्देशित किया गया है कि सभी प्रशिक्षु प्रशिक्षण के दौरान दी जा रही जानकारी को गंभीरता से ग्रहण करें तथा जनगणना कार्य में पूर्ण जिम्मेदारी एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करें, जिससे जनपद के सटीक एवं विश्वसनीय आंकड़े प्राप्त हो सकें।
साथ ही अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अमृता सिंह द्वारा भी निर्देशित किया गया है कि प्रशिक्षण कार्यक्रम में उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए तथा सभी कार्मिक समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने यह भी कहा कि जनगणना कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील है, अतः इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि प्रशिक्षण कार्यक्रम उच्च गुणवत्ता के साथ संपन्न हो तथा सभी संबंधित कार्मिकों को आवश्यक दक्षता प्रदान की जा सके, जिससे जनगणना 2027 का कार्य जनपद रायबरेली में सफलतापूर्वक पूर्ण किया जा सके
          इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी उपजिलाधिकारी सलोन सचिन यादव नामित किए गए हैं, जिनके निर्देशन में प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल संचालन सुनिश्चित किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button