हज 2026 हेतु चयनित हज यात्रियों के लिए आवश्यक दिशा निर्देश जारी

हज 2026 हेतु चयनित हज यात्रियों के लिए आवश्यक दिशा निर्देश जारी
रायबरेलीः- 16 मार्च 2026
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी महिमा ने बताया है कि उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति मौलाना अली मियां मेमोरियल हज हाउस, लखनऊ द्वारा अवगत कराया गया है कि हज-2026 की यात्रा के सम्बन्ध में हज कमेटी ऑफ इण्डिया की ओर से कुछ आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये है। जिसके अनुसार हज कमेटी ऑफ इण्डिया, मुम्बई द्वारा तीसरी एवं अंतिम किस्त के रूप में जमा की जानी वाली धनराशि की घोषणा 15 मार्च 2026 तक कर दी जायेगी, परन्तु इस धनराशि में कैटरिंग की धनराशि सम्मिलित नहीं होगी। जो हज यात्रियों को बाद में जमा करनी होगी।
हज-2026 में मक्के में स्वयं बिल्डिंग में किचन व्यवस्था समाप्त कर दी गयी है सभी हज यात्रियों को कैटरिंग व्यवस्था के अन्तर्गत खान-पान उपलब्ध कराया जायेगा, भारत में अनेक प्रांत हैं जहां लोग अपनी सुविधानुसार प्रान्तीय खान-पान का सेवन करते हैं, परन्तु हज में ऐसा संभव नहीं है। इसलिए हज कमेटी ऑफ इण्डिया, मुम्बई एक कॉमन फूड का चयन कैटरिंग सेवा हेतु विचार किया जा रहा है। हज-2026 में जाने वाले प्रत्येक हज यात्री को उड़ान स्थल पर बुकिंग उपरान्त प्रपत्रों के वितरण के समय एक स्मार्टवाच भी उपलब्ध करायी जायेगी। यह स्मार्टवाच डाटा केबिल से रिचार्ज होगी। जिसे हज यात्रा हेतु प्रस्थान करने उपरान्त प्रत्येक हज यात्री को अपनी कलाई पर पहनना आवश्यक होगा, इस स्मार्टवाच में यात्री के यात्रा से सम्बन्धित सम्पूर्ण विवरण उपलब्ध होगा। स्मार्टवाच इण्डिया में काम नहीं करेगी सऊदी अरब पहुंचने उपरान्त ही स्वतः एक्टिवेट हो जायेगी। यह स्मार्टवाच जी०पी०एस० से कनेक्ट होगी जिससे यात्री के बिछड़ जाने अथवा किसी अन्य समस्या होने पर इसमें लगे बटन को यात्री द्वारा दबाते ही सीधे कन्ट्रोल रूम में सिगनल पहुंच जायेगा। जिससे यात्री की सही लोकेशन पता लगाने उपरान्त उसकी समस्या निवारण किया जाना सम्भव हो सकेगा। हज यात्री अपनी स्मार्टवाच की चार्जिंग पूर्ण रखें अन्यथा डिस्चार्ज होने पर यह कार्य नहीं करेगी, जिससे यात्री को आवश्यकता पड़ने पर असुविधा होगी।
सभी हज यात्रियों को उड़ान तिथि आवंटित हो चुकी है। यात्रियों को उड़ान तिथि से दो दिवस पूर्व निर्धारित उड़ान स्थल पर पहुंचकर अपनी फ्लाइट की बुकिंग कम्फर्म कराना आवश्यक होगा। बुकिंग कन्फर्मनेशन हेतु यात्री अपने सगे-सम्बन्धी को भेजकर भी करा सकते हैं परन्तु उड़ान तिथि से 24 घण्टे पूर्ण यात्री को उड़ान स्थल पहुंचना होगा। यात्रा से सम्बन्धित प्रपत्र सम्बन्धित प्रपत्र सम्बन्धित यात्री को उपलब्ध कराये जायेंगे। हज-2026 हेतु चयनित हज यात्रियों से पासपोर्ट पहले से जमा नहीं कराये गये हैं बुकिंग के समय प्रत्येक हज यात्री को अपना पासपोर्ट लाना आवश्यक होगा। यात्रियों को स्वयं यह भी सुनिश्चित किया जाना है कि उनका पासपोर्ट डैमेज श्रेणी के अन्तर्गत न हों अन्यथा यात्रा बाधित हो जायेगी। जिसका पूर्ण उत्तरदायित्व सम्बन्धित हज यात्री का ही होगा।
प्रत्येक हज यात्री को अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नम्बर पर हज सुविधा एप एवं नुसुक एप डाउनलोड करना अनिवार्य है बिना नुसुक एप के मदीने में रियाजु जन्नाह हेतु पंजीकरण संभव नहीं होगा। जिन हज यात्रियों ने अपने नम्बर के स्थान पर किसी अन्य सगे-सम्बन्धी/एजेंट का नम्बर अंकित कर रखा है उनसे अनुरोध है कि उनके स्थान पर अपना नम्बर रजिस्टर्ड करा लें अन्यथा हज यात्री को हज यात्रा के दौरान असुविधा होगा।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी महिमा ने बताया कि उक्त क्रम में जनपद रायबरेली में हज-2026 हेतु चयनित हज यात्रियों के लिये उक्त दिशा-निर्देशों का व्यापक प्रचार-प्रसार करना सुनिश्चित करें, ताकि हज-2026 की यात्रा सुरक्षित एवं सुगम हो सके।



