जनपद में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के 714 लाभार्थियों को मिली प्रथम किस्त

जनपद में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के 714 लाभार्थियों को मिली प्रथम किस्त
रायबरेलीः- 16 मार्च 2026
मा० मुख्यमंत्री उ०प्र० योगी आदित्यनाथ जी द्वारा लखनऊ से प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत 90 हजार लाभार्थियों के बैंक खातों में 01-01 लाख रुपये की पहली किस्त (कुल 900 करोड़ रुपए) की धनराशि हस्तांतरित की गई है। यह राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से सिंगल क्लिक के माध्यम से उनके बैंक खातों में भेजी गई है। जिसमें जनपद के 714 लाभार्थियों के खातों में प्रथम किस्त की धनराशि सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रेषित की गई। योजना अंतर्गत विशेष रूप से स्पेशल फोकस ग्रुप यथा- विधवाओं, अविवाहित/परित्यकता, दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों, अनुसूचित जाति/जनजाति, सफाई कर्मी, पी०एम० स्वनिधि योजना, पी०एम० विश्वकर्मा योजना, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं समाज के अन्य कमजोर व वंचित वर्गों को सम्मिलित करते हुए प्राथमिकता दी गई है।
इसी क्रम में जनपद स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मा० विधायक सलोन अशोक कुमार, जिलाध्यक्ष बुद्धिलाल पासी, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ सहित बड़ी संख्या में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के लाभार्थियों द्वारा प्रतिभाग किया गया। जिसमें 08 लाभार्थियों को आवास स्वीकृत प्रमाणपत्र भी वितरण किया गया, जिसमें लाभार्थी केश कुमारी, लवकेश कुमारी, सुनीता, सुमन, रवि शंकर, प्रिया साहू, रीना राय, सबीना शामिल है।
कार्यक्रम में लखनऊ से आयोजित मा० मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा गया एवं उनके उद्बोधन सुना गया।
इस अवसर पर मा० विधायक सलोन ने कहा कि यह योजना (शहरी) आवासहीन लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति का सपना होता है कि उसके सर पर छत हो और उसका अपना एक आवास हो, जिसमें वह परिवार के साथ जीवन यापन कर सके। उनका आज वो सपना मा० प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी व मा० मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने पूरा किया है। इसके साथ ही आवास योजना के लाभार्थियों को उजाला योजना के अंतर्गत गैस कनेक्शन (सिलेण्डर), विद्युत कनेक्शन, जल जीवन मिशन के अंतर्गत पेयजल हेतु नल कनेक्शन, शौचालय का भी लाभ दिलाया जा रहा है, सभी लाभार्थियों को एक कंप्लीट पैकेज दिया जा रहा है।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सचिन यादव, पीओ डूडा शशी कुमार मेहरोत्रा सहित अन्य अधिकारीगण व लाभार्थीगण उपस्थित रहे।



