सेहरामऊ में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक–किशोरी ने निगला विषाक्त पदार्थ, हालत गंभीर

सेहरामऊ में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक–किशोरी ने निगला विषाक्त पदार्थ, हालत गंभीर
पूरनपुर/पीलीभीत -सेहरामऊ थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक किशोरी और एक युवक द्वारा खेत में जहरीला पदार्थ सेवन करने की सूचना सामने आई। जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 12:30 बजे दोनों गांव के बाहर स्थित खेत की ओर गए थे। कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और वे अचेत अवस्था में पाए गए। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत परिजनों को सूचना दी। घटना की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और तत्काल सहायता के लिए आपात सेवा को सूचित किया गया। दोनों को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया। हालांकि स्थिति गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।

सूचना पर पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रतीक दहिया भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों से उपचार की स्थिति जानी और परिजनों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। प्रारंभिक जांच में मामला आपसी संबंधों से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।
थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों को तत्काल उपचार के लिए भिजवाया गया। उन्होंने कहा कि घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है। संबंधित लोगों से पूछताछ के साथ ही अन्य साक्ष्य भी एकत्र किए जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर चर्चा का माहौल है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।




