#SvasJsNewsअपराधउत्तर प्रदेशदेशपुलिस विभागसहारनपुर

फर्जी सात नंबर फॉर्म मामले में डीएम से मिले सपा नेता टिंकू अरोड़ा

फर्जी सात नंबर फॉर्म मामले में डीएम से मिले सपा नेता टिंकू अरोड़ा

विधानसभा 03 सहारनपुर नगर में हजारों फर्जी फॉर्म भरकर वोट काटने की साजिश का आरोप, जांच व कार्रवाई की मांग

विशेष रिपोर्ट – मो कलीम अंसारी

सहारनपुर विधानसभा 03 सहारनपुर नगर क्षेत्र में कथित रूप से फर्जी सात नंबर फॉर्म भरकर मतदाताओं के नाम काटे जाने के मामले को लेकर वरिष्ठ समाजवादी पार्टी नेता व पार्षद अभिषेक उर्फ टिंकू अरोड़ा ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा क्षेत्र के 195 बूथों पर लगभग 45 हजार फर्जी सात नंबर फॉर्म छपे हुए बीएलओ को वितरित किए गए, जिनका उद्देश्य मतदाताओं के नाम विलोपित करना है।
टिंकू अरोड़ा ने बताया कि यह पूरा मामला तहसील स्तर के कुछ कर्मचारियों से जुड़ा हुआ है। जानकारी मिलने के बाद उन्होंने कई बीएलओ से बातचीत कर तथ्य जुटाए और जिन मतदाताओं के नाम पर फॉर्म भरे गए, उनसे संपर्क किया। मंगलवार को वे करीब छह अलग-अलग बूथों के मतदाताओं को साथ लेकर जिलाधिकारी के समक्ष उपस्थित हुए और उनके द्वारा भरे गए एसआईआर फॉर्म की प्रतियां सौंपकर पूरे प्रकरण की जानकारी दी।
जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि जो मतदाता वास्तव में मौजूद हैं, उनका वोट किसी भी स्थिति में विलोपित नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सात नंबर फॉर्म के साथ दस नंबर प्रारूप भरना अनिवार्य है, इसके बाद नोटिस जारी किया जाता है तथा सभी राजनीतिक दलों को सूची उपलब्ध कराई जाती है। साथ ही जिलाधिकारी ने सभी बीएलओ को सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा कि बल्क में सात नंबर फॉर्म जमा नहीं किए जाएंगे। मामले की जांच के आदेश देते हुए सिटी मजिस्ट्रेट को भी फोन पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
टिंकू अरोड़ा ने कहा कि किसी भी व्यक्ति का वोट फर्जी तरीके से काटना एक गंभीर अपराध है। यदि आवश्यकता पड़ी तो यह लड़ाई सहारनपुर से लेकर हाईकोर्ट तक लड़ी जाएगी। इसमें शामिल किसी भी स्तर के कर्मचारी या अधिकारी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई और न्यायालय में शिकायत की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि यह एक सोची-समझी साजिश है, जिसके तहत एक विशेष वर्ग के मतदाताओं के वोट काटने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने विधानसभा 03 के सभी बीएलओ से अपील की कि वे किसी भी राजनीतिक या प्रशासनिक दबाव में आकर गलत कार्य न करें।
इस अवसर पर जिला कार्यालय प्रभारी फैसल सलमानी ने कहा कि लोकतंत्र में हर नागरिक को मतदान का अधिकार है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को पूरे मामले से अवगत करा दिया गया है और समाजवादी पार्टी इस मुद्दे को मजबूती से बड़े स्तर तक उठाएगी। इस दौरान शुभम वर्मा, शादाब खान, रवि यादव, राजेंद्र सिंह, जमशेद, खुशनुदा रहमानी सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button