साइबर ठगी से सावधान! नववर्ष व त्योहारों पर अलर्ट मोड में महोबा पुलिस

साइबर ठगी से सावधान! नववर्ष व त्योहारों पर अलर्ट मोड में महोबा पुलिस
— SvasJsNews
महोबा। नववर्ष, त्योहारों और विशेष आयोजनों के दौरान साइबर अपराधियों की सक्रियता तेजी से बढ़ जाती है। इसी को देखते हुए जनपद महोबा पुलिस ने नागरिकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि साइबर ठग इन दिनों Happy New Year, Greeting Card, Wedding Invitation, E-Challan जैसे आकर्षक नामों से फर्जी लिंक और .APK फाइलें भेजकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं।
महोबा पुलिस के अनुसार जैसे ही कोई व्यक्ति अनजान लिंक या APK फाइल पर क्लिक करता है, उसका मोबाइल फोन हैक हो सकता है। इसके बाद साइबर अपराधी बैंक खातों से पैसे निकालने, निजी डाटा चोरी करने और सोशल मीडिया अकाउंट्स का दुरुपयोग करने लगते हैं। कई मामलों में पीड़ित को ठगी का अहसास तब होता है, जब खाते से रकम निकल चुकी होती है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नागरिक किसी भी परिस्थिति में अनजान नंबर या संदिग्ध स्रोत से आए लिंक पर क्लिक न करें। किसी भी मोबाइल एप को केवल Google Play Store या आधिकारिक ऐप स्टोर से ही डाउनलोड करें। इसके अलावा OTP, बैंक खाता विवरण, एटीएम पिन, यूपीआई कोड या अन्य व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करें, चाहे सामने वाला खुद को बैंक अधिकारी, पुलिसकर्मी या किसी परिचित के रूप में ही क्यों न प्रस्तुत करे।
महोबा पुलिस ने यह भी बताया कि साइबर अपराधी भावनाओं का सहारा लेकर लोगों को फंसाते हैं। शादी के निमंत्रण, शुभकामनाओं और सरकारी चालान जैसे संदेशों के जरिए लोग आसानी से भरोसा कर लेते हैं, जिसका फायदा ठग उठाते हैं। ऐसे में थोड़ी सी सावधानी आपको बड़े आर्थिक नुकसान से बचा सकती है।
यदि किसी नागरिक के साथ साइबर ठगी की घटना घटित होती है, तो घबराने के बजाय तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं। समय पर की गई शिकायत से ठगी की रकम वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है।
SvasJsNews के माध्यम से महोबा पुलिस ने दो टूक संदेश दिया है— “आपकी सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी है, लेकिन सतर्कता आपकी भी उतनी ही जरूरी है।”
सावधान रहें, सुरक्षित रहें और साइबर ठगों से एक कदम आगे रहें।



