धूमधाम से मना क्रिसमस, सेंटा क्लाज ने बांटे उपहार

धूमधाम से मना क्रिसमस, सेंटा क्लाज ने बांटे उपहार
क्रिसमस डे पर महानगर के गिरिजाघरों को सजाया गया। सभी चर्च में विशेष प्रार्थनाएं हुई।
विशेष रिपोर्ट -मो कलीम अंसारी
सहारनपुर महानगर में गुरुवार को क्रिसमस पर्व धूमधाम से मनाया गया। गिरजाघरों में सुबह से देर रात तक विशेष प्रार्थना हुई। इसाई समाज के लोगों ने गिरजाघरों में पहुंचकर मोमबत्तियां जलाई। इसके साथ ही बच्चों को सेंटा क्लॉज ने उपहार दिए तो उनके चेहरे खिल गए। इसके साथ ही बच्चों ने जिंगल बेल, जिंगल बेल गीत सुनाकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
क्रिसमस डे पर महानगर के गिरिजाघरों को सजाया गया। सभी चर्च में विशेष प्रार्थनाएं हुई। परिवार की सुख-शांति के साथ देश में अमन चैन की प्रार्थना की गई । कोर्ट रोड पर सोफिया स्कूल परिसर में स्थित सेक्रेड हार्ट चर्च के फादर जॉन चिमन ने प्रार्थना सभा संपन्न कराई। उन्होंने कहा कि प्रभु यीशु मसीह ने मानव कल्याण के लिए ईश्वर पुत्र होते हुए भी साधारण परिवार में जन्म लिया। उन्होंने कहा कि हम सबको प्रभु यीशु मसीह के बताए रास्तों पर चलना चाहिए। उन्होंने कहा, प्रभु यीशु का जन्म हमें शांति सद्भाव और अमन के साथ रहने की सीख देता है। हम सभी को अपना जीवन प्रभु ईसा मसीह के बताए मार्ग पर जीना चाहिए। हम किसी दूसरे जीव को कष्ट ना पहुंचाए। बच्चों ने जिंगल बेल, जिंगल बेल गीत सुनाकर सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्य अतिथि मोहित जैन ने समारोह में उपस्थित सभी लोगों को क्रिसमस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने फादर चिमन और पूरे पल्ली समुदाय को इस सुव्यवस्थित एवं भावपूर्ण आयोजन के लिए बधाई दी। उनकी उपस्थिति ने इस धार्मिक उत्सव में सांस्कृतिक एकता का एक विशेष आयाम जोड़ा। श्री जैन शिक्षा और संस्कृति के क्षेत्र में अपने योगदान के लिए जाने जाते हैं और पहले भी विभिन्न सामाजिक-सांस्कृतिक आयोजनों में भाग लेकर युवाओं का उत्साहवर्धन कर चुके हैं।
गिरजाघरों में मोमबत्तियां जलाने के अलावा घरों पर क्रिसमस ट्री सजाए। इसके साथ ही केक काटकर क्रिसमस की बधाई दी। गिरजाघरों में सेंटा क्लॉज ने बच्चों को उपहार भी बांटे।
क्रिसमस पर्व गिरजाघरों में लोगों की भारी भीड़ रही। युवाओं ने सेंटा क्लॉज के साथ फोटो लिए। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर फोटो डालकर क्रिसमस की बधाई दी। क्रिसमस पर गिरजाघरों को रंग-बिरंगी लाइटों और फूल मालाओं से सजाया गया। इसके साथ ही क्रिसमस ट्री आकर्षण का केंद्र रहा। इसके अलावा लोगों ने घरों में भी क्रिसमस ट्री को सजाकर और रंग-बिरंगी लाइटें लगाई।



