#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशब्रेकिंग न्यूज़लखीमपुर खीरी

गोला में शराब की दुकान के अंदर फंदे से लटका मिला 18 वर्षीय सेल्समैन का शव, मची सनसनी

गोला में शराब की दुकान के अंदर फंदे से लटका मिला 18 वर्षीय सेल्समैन का शव, मची सनसनी

सिनेमा रोड स्थित कंपोजिट शराब की दुकान में बंद शटर के पीछे मिला शव, पुलिस ने सीसीटीवी का डीवीआर कब्जे में लेकर शुरू की जांच

ब्यूरो रिपोर्ट तुषार शुक्ला
गोला गोकर्णनाथ खीरी। नगर के सिनेमा रोड स्थित कंपोजिट शराब की दुकान के अंदर रविवार सुबह 18 वर्षीय सेल्समैन का शव फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दुकान का शटर बंद होने के कारण घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर गोला कोतवाली पुलिस और आबकारी विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची। मृतक की पहचान अनिकेत जायसवाल (18) पुत्र रामचरन निवासी ग्राम रामपुर तकिया, थाना हैदराबाद के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह अनिकेत का रिश्ते का भतीजा पुष्पेंद्र दुकान पर पहुंचा। आवाज देने के बाद भी अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर उसे संदेह हुआ। इसके बाद उसने दुकान का ताला तोड़ा और अंदर पहुंचा तो अनिकेत का शव फंदे से लटका मिला। उसने इसकी सूचना दुकान मालिक को दी। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी गोला जितेंद्र सिंह परिहार और गोला कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आबकारी विभाग की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया कि अनिकेत करीब एक महीने पहले ही दुकान पर काम करने आया था और दुकान में ही रहता था। पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर कब्जे में ले लिया है, ताकि घटना से पहले और बाद की गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा सके। मृतक के पिता रामचरन ने किसी से रंजिश होने से इनकार किया है और किसी पर आरोप नहीं लगाया है। क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह परिहार के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल युवक की मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है।

Related Articles

Back to top button