मंडलायुक्त एवं ज़िला निर्वाचन अधिकारी ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के दूसरे विशेष अभियान दिवस पर किया विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण…

मंडलायुक्त एवं ज़िला निर्वाचन अधिकारी ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के दूसरे विशेष अभियान दिवस पर किया विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण…
पीएम उच्च प्राथमिक विद्यालय कैलाशपुर सहित विभिन्न स्थलों पर पहुंचकर पुनरीक्षण कार्यों का लिया जायज़ा..
मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने के लिए गंभीरता से कार्य करने के दिए निर्देश…
संवाददाता – मो कलीम अंसारी
सहारनपुर भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष अभियान दिवस पर जनपद के समस्त मतदेय स्थलों पर अभियान आयोजित किया गया। विशेष अभियान दिवस के अवसर पर मंडलायुक्त रूपेश कुमार एवं ज़िलाधिकारी, ज़िला निर्वाचन अधिकारी अरविन्द कुमार चौहान ने पीएम उच्च प्राथमिक विद्यालय कैलाशपुर, विकासखंड पुंवारका सहित विभिन्न विद्यालयों एवं अन्य स्थलों पर आयोजित विशेष अभियान शिविरों का स्थलीय निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारियों एवं संबंधित कार्मिकों की उपस्थिति तथा निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण से संबंधित कार्यों का जायज़ा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि अभियान के दौरान प्राप्त होने वाले दावों एवं आपत्तियों का नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करने के साथ ही पात्र नागरिकों को आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए।उन्होंने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का मुख्य उद्देश्य निर्वाचक नामावली को शुद्ध, त्रुटिरहित, अद्यतन एवं समावेशी बनाना है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने से वंचित न रहे।मंडलायुक्त ने नागरिकों से अपील की कि वे आलेख्य प्रकाशित निर्वाचक नामावली में अपना नाम एवं अन्य विवरण अवश्य जांच लें। मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने के लिए फार्म-6, नाम अपमार्जित कराने अथवा किसी नाम के संबंध में आक्षेप दर्ज कराने के लिए फार्म-7 तथा नाम, पता, आयु, फोटो आदि में संशोधन, एक स्थान से दूसरे स्थान पर स्थानान्तरण, डुप्लीकेट ईपिक एवं दिव्यांगजन चिन्हांकन के लिए फार्म-8 प्रस्तुत किया जा सकता है। उन्होंने समस्त मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों, बूथ लेवल एजेंटों, ग्राम प्रधानों, सभासदों एवं स्वयंसेवकों से भी विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं सफल क्रियान्वयन में सक्रिय सहयोग प्रदान करने की अपेक्षा की। इस अवसर पर सिटी मजिस्ट्रेट रामकेश, उप जिला मजिस्ट्रेट विकास कुमार पांडेय सहित बीएलओ उपस्थित रहे।



