पुलिस झण्डा दिवस 2025 : कर्तव्य, सम्मान और समर्पण के संकल्प के साथ मनाया गया समारोह

पुलिस झण्डा दिवस 2025 : कर्तव्य, सम्मान और समर्पण के संकल्प के साथ मनाया गया समारोह
विशेष रिपोर्ट मो कलीम अंसारी
सहारनपुर रिजर्व पुलिस लाइन्स सहारनपुर में पुलिस झण्डा दिवस गरिमामय और अनुशासित वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर आशीष तिवारी ने क्वार्टर गार्ड पर ध्वजारोहण कर समारोह की शुरुआत की तथा पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के संदेश को उपस्थित जनसमूह को पढ़कर सुनाया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक यातायात सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में पुलिस कर्मचारी उपस्थित रहे।
ध्वजारोहण के पश्चात परंपरा के अनुसार सभी पुलिसकर्मियों ने पुलिस ध्वज प्रतीक (स्टिकर) को अपनी वर्दी की बायीं जेब के ऊपर धारण किया, जो सम्मान, निष्ठा और कर्तव्यपरायणता का प्रतीक माना जाता है।
पुलिस ध्वज : इतिहास और गौरव
लाल और नीले रंग से युक्त पुलिस ध्वज शक्ति, साहस और समर्पण का द्योतक है। 23 नवम्बर 1952 को भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू द्वारा उत्तर प्रदेश पुलिस को यह सम्मान प्रदान किया गया था । यह उपलब्धि देश में किसी भी राज्य पुलिस को प्राप्त प्रथम ध्वज सम्मान के रूप में दर्ज है।
ध्वज का संदेश
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि पुलिस ध्वज हमें, कर्तव्य, अनुशासन, साहस, जन-सेवा और बलिदान की गौरवशाली परंपरा का स्मरण कराता है। ध्वज के समक्ष पुलिसकर्मी कर्तव्य पथ पर सदैव अडिग रहने, नई ऊर्जा के साथ कार्य करने एवं समाज की सेवा में समर्पित रहने का संकल्प लेते हैं।
कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर आशीष ने सभी पुलिसकर्मियों को उनके कर्तव्य, अनुशासन और सेवा भाव को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करने के लिए प्रेरित किया।



