प्रत्येक मतदाता तक गणना प्रपत्र समयबद्ध रूप से पहुंचे-डीएम

प्रत्येक मतदाता तक गणना प्रपत्र समयबद्ध रूप से पहुंचे-डीएम
विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के क्रियान्वयन का जिलाधिकारी ने किया औचक निरीक्षण
रायबरेली:- 22 नवम्बर 2025 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन हेतु आज जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिता माथुर द्वारा विधानसभा सलोन के विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्थलीय निरीक्षण कर निर्वाचन संबंधी कार्यों की प्रगति की समीक्षा की तथा संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बीएलओ से गणना प्रपत्रों के वितरण की स्थिति, मतदाताओं से संपर्क की प्रगति तथा मोबाइल एप के माध्यम से की जा रही मार्किंग की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक मतदाता तक गणना प्रपत्र समयबद्ध रूप से पहुंचे तथा सभी प्रपत्र दिनांक 04 दिसम्बर, 2025 से पूर्व संकलित कर लिए जाएं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को यह भी निर्देशित किया कि निर्वाचन कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता कदापि बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम से संबंधित सभी कार्य समयबद्धता एवं पारदर्शिता के साथ पूर्ण किए जाएं। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सलोन चंद्र प्रकाश गौतम सहित संबंधित अधिकारी व बीएलओ उपस्थित रहें।



