कलेक्ट्रेट सभागार में किसान दिवस आयोजित, किसानों ने रखी समस्याएँ अधिकारियों ने दिया निस्तारण का आश्वासन

कलेक्ट्रेट सभागार में किसान दिवस आयोजित, किसानों ने रखी समस्याएँ अधिकारियों ने दिया निस्तारण का आश्वासन
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 21वीं किस्त के हस्तांतरण का सजीव प्रसारण
विशेष रिपोर्ट – मो कलीम अंसारी
सहारनपुर जिलाधिकारी मनीष बंसल के निर्देश पर मंगलवार को किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित किसानों ने अपनी विभिन्न समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया, जिन पर संबंधित विभागीय अधिकारियों ने त्वरित निस्तारण का आश्वासन दिया।कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार मेंआयोजित किसान दिवस कार्यक्रम में सबसे प्रमुख मुद्दे खाद की उपलब्धता, गन्ना भुगतान में देरी, नहर व नालों की सफाई, सहकारी समितियों के समय से न खुलने तथा बैंक ऋण न मिलने के रहे। भारतीय किसान यूनियन (अम्बावता) के प्रदेश प्रभारी शिव कुमार ने मल्हीपुर सोसायटी पर डीएपी और यूरिया उपलब्ध न होने से गेहूँ की बुआई प्रभावित होने की बात कही। साथ ही बजाज शुगर मिल द्वारा पिछले वर्ष के गन्ने का भुगतान न होने और मिल के क्रय केंद्रों पर घटतौली की शिकायत भी दर्ज कराई। भारतीय किसान यूनियन संघर्ष मोर्चा के जिलाध्यक्ष अमर त्यागी, ग्राम महेशपुर के मदन सिंह, ग्राम लडवा के प्रधान धनंजय, ग्राम मुबारकपुर के संजय सैनी, ग्राम पटना उर्फ नयाबांस की कुंता देवी, राजीव, निवासी खुर्रमपुर ने अपनी की शिकायत दर्ज कराई। अधिकारियों ने सभी शिकायतों को नोट कर जल्द समाधान का आश्वासन दिया।उप कृषि निदेशक संदीप पाल ने जानकारी दी कि जनपद के सभी बीज गोदामों पर मसूर एवं चना मिनी किट निःशुल्क उपलब्ध हैं। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 21वीं किस्त के हस्तांतरण का सजीव प्रसारण भी किसानों को दिखाया गया। जनपद के 2,44,774 किसानों को इस किस्त का लाभ मिलेगा। किसान दिवस में उप कृषि निदेशक संदीप पाल, जिला कृषि अधिकारी कपिल कुमार, मत्स्य विभाग से आर.के. श्रीवास्तव, केवीके वैज्ञानिक डॉ. रविन्द्र तोमर, समाज कल्याण अधिकारी अर्चना, खंड विकास अधिकारी योगेन्द्र कुमार व नीरू मलिक, अधिशासी अभियंता नलकूप ए.के. रमन, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. एम.पी. सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। लगभग 60 किसान कार्यक्रम में शामिल हुए।



