तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को रौंदा – युवक की मौके पर दर्दनाक मौत, चालक कार छोड़कर फरार
विशेष रिपोर्ट- केशव दीक्षित, "बेला-शाहजहांपुर"

तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को रौंदा – युवक की मौके पर दर्दनाक मौत, चालक कार छोड़कर फरार
SvasJsNews विशेष रिपोर्ट | पूरनपुर-पीलीभीत से बड़ी खबर
पूरनपुर, पीलीभीत। क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। रायपुर बिचपुरी निवासी 35 वर्षीय जुल्फिकार पुत्र हाफिज नियाज़, जो रोज की तरह अपनी मोटरसाइकिल की दुकान पर काम करने जा रहे थे, अचानक मौत के मुंह में समा गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जुल्फिकार सड़क किनारे पंचर की दुकान के पास खड़े होकर बातचीत कर रहे थे, तभी सामने से आ रही अनियंत्रित और तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मोटरसाइकिल चकनाचूर हो गई और जुल्फिकार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। हादसे की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया।

सूचना पर सेहरामऊ उत्तरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया। दुर्घटना में शामिल कार UP26U 8914 और क्षतिग्रस्त बाइक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस टीम ने देर तक घटनास्थल पर रहकर सभी साक्ष्यों को सुरक्षित किया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार चालक क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक, बड़ौदा शाखा – जोगराजपुर का शाखा प्रबंधक बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

दूसरी ओर, घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक और पूरे क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि वाहन की रफ्तार अत्यधिक होने के कारण इतना बड़ा हादसा हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की जांच की जा रही है।

SvasJsNews आपके लिए इस बड़ी खबर पर लगातार अपडेट देता रहेगा।




