मंदिरों में आभूषण चोरी करने वाली महिला गिरफ्तार, ₹4,250 की नकदी बरामद

मंदिरों में आभूषण चोरी करने वाली महिला गिरफ्तार, ₹4,250 की नकदी बरामद
ब्यूरो रिपोर्टर- तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी। कोतवाली सदर पुलिस ने मंदिर में मंगलसूत्र चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक वांछित महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार महिला के कब्जे से ₹4,250 की नकदी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, यह रकम चोरी किए गए मंगलसूत्र को बेचने से प्राप्त हुई थी। मामले में बरामदगी के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(2) की बढ़ोतरी करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक खीरी के निर्देशन में जनपद में अपराधों की रोकथाम और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी सदर के मार्गदर्शन तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सदर के नेतृत्व में पुलिस टीम मंदिरों में चोरी की घटनाओं की रोकथाम और आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
19 अक्टूबर को उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र बहादुर सिंह पुलिस टीम के साथ सलेमपुर कोन मंदिर क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मंदिर में चोरी के मामले में वांछित महिला पॉलिटेक्निक सलेमपुर कोन मोड़ के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने खड़ंजा सड़क के पास घेराबंदी की और महिला पुलिसकर्मियों की सहायता से संदिग्ध महिला को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान महिला की साड़ी के पल्लू में बंधे ₹4,250 बरामद हुए। पूछताछ में महिला ने कथित तौर पर अपने साथियों के साथ मिलकर जंगली नाथ मंदिर में दर्शन करने आई एक महिला के गले से मंगलसूत्र चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, चोरी किया गया मंगलसूत्र लखनऊ जाते समय एक ट्रक चालक को ₹55,000 में बेच दिया गया था। आरोपी महिला ने बताया कि बिक्री से प्राप्त अधिकांश रकम खर्च हो चुकी थी और शेष ₹4,250 उसके पास बचे थे।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिला ने भुईफोरवा नाथ मंदिर, जंगली नाथ मंदिर और सेठघाट मंदिर में वट सावित्री पूजा के दौरान भी अपने साथियों के साथ आभूषण चोरी करने की बात कबूल की है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में शामिल बताए गए रूबी, शैली और रोहित को पहले ही जेल भेजा जा चुका है।
गिरफ्तार महिला की पहचान आरती उर्फ पूजा पत्नी अंकित भार्गव, निवासी ग्राम भगवन्तपुर, थाना रामपुर कला, जनपद सीतापुर के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके विरुद्ध कोतवाली सदर में दर्ज मुकदमा संख्या 377/2026, 379/2026 और 380/2026 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) और 317(2) के तहत मामले दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र बहादुर सिंह, कांस्टेबल अंकेश कुमार, महिला कांस्टेबल नेहा गुप्ता और महिला कांस्टेबल अमृता सिंह शामिल रहीं। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।



