तिकुनिया में आबकारी विभाग की छापेमारी, 25 लीटर कच्ची शराब बरामद; 250 किलो लहन नष्ट

तिकुनिया में आबकारी विभाग की छापेमारी, 25 लीटर कच्ची शराब बरामद; 250 किलो लहन नष्ट
ब्यूरो रिपोर्टर -तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी। अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने सोमवार, 19 अक्टूबर को तिकुनिया थाना क्षेत्र के खजुआ फार्म और सूरत नगर में छापेमारी की। इस दौरान टीम ने 25 लीटर कच्ची शराब बरामद की और शराब बनाने के लिए तैयार किया गया 250 किलोग्राम लहन मौके पर नष्ट कर दिया। साथ ही शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों और भट्टियों को भी नष्ट किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश शासन एवं आबकारी आयुक्त के निर्देश पर जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिला आबकारी अधिकारी, लखीमपुर खीरी के नेतृत्व में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। इसी क्रम में आबकारी विभाग की टीम ने तिकुनिया क्षेत्र के चिह्नित स्थानों पर दबिश देकर अवैध शराब बनाने के ठिकानों की जांच की।
कार्रवाई के दौरान अवैध शराब बरामद होने के बाद आबकारी विभाग ने संयुक्त प्रांत आबकारी अधिनियम की संबंधित धारा के तहत एक अभियोग पंजीकृत किया है। मामले में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के लिए विशेष प्रवर्तन अभियान आगे भी जारी रहेगा।



