ग्राम पजावा में धूमधाम से मनाई गई विजयादशमी, विधि-विधान से हुआ भव्य शस्त्र पूजन

ग्राम पजावा में धूमधाम से मनाई गई विजयादशमी, विधि-विधान से हुआ भव्य शस्त्र पूजन
रिपोर्ट अखिलेश यादव | पीलीभीत
पूरनपुर, पीलीभीत। विजयादशमी के पावन पर्व पर पूरनपुर क्षेत्र के ग्राम पजावा में शौर्य, साहस और सनातन संस्कृति के प्रतीक शस्त्र पूजन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम मंडल अध्यक्ष मनोज वर्मा के आवास पर पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान धार्मिक आस्था के साथ परंपरा और राष्ट्र की सुरक्षा का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला महामंत्री अनुराग अग्निहोत्री उपस्थित रहे। वहीं, विशिष्ट अतिथियों में जिला उपाध्यक्ष लेखराज भारती, विधायक पुत्र रितुराज पासवान और जिला कार्यकारिणी सदस्य सीता रानी सहित भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता, सम्मानित ग्राम प्रधान और मंडल की पूरी टीम शामिल हुई।
शस्त्र पूजन के दौरान मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम और मां भवानी का स्मरण कर देश, धर्म और समाज की रक्षा की प्रार्थना की गई। विजयादशमी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इस पर्व को बुराई पर अच्छाई की जीत, साहस और धर्म की रक्षा का प्रतीक बताया गया।
मंडल अध्यक्ष मनोज वर्मा ने कार्यक्रम में सहभागिता करने वाले सभी अतिथियों, कार्यकर्ताओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और सहभागिता से कार्यक्रम भव्य एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों ने “सियावर रामचंद्र की जय” और “जय मां भवानी” के जयकारे लगाए तथा एक-दूसरे को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं।
















