#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशब्रेकिंग न्यूज़लखीमपुर खीरी

शारदा बैराज पर विसर्जन व्यवस्था परखी, सुरक्षा में ढिलाई न बरतने के निर्देश

शारदा बैराज पर विसर्जन व्यवस्था परखी, सुरक्षा में ढिलाई न बरतने के निर्देश

डीएम ने घाट का किया निरीक्षण, गोताखोरों और फ्लड पीएसी की तैनाती की समीक्षा

ब्यूरो रिपोर्टर- तुषार शुक्ला

लखीमपुर खीरी, 20 अक्टूबर। नवरात्र समापन और विजयदशमी के अवसर पर मूर्ति विसर्जन को लेकर जिला प्रशासन सतर्क रहा। मंगलवार को जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने शारदा बैराज स्थित विसर्जन घाट का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए विसर्जन के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

डीएम ने घाट पर बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती, यातायात प्रबंधन और राहत-बचाव के इंतजामों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित रखा जाए और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। विसर्जन स्थल पर सुरक्षा के सभी इंतजाम पूरी सतर्कता के साथ सुनिश्चित किए जाएं।

गोताखोरों और फ्लड पीएसी की तैनाती की समीक्षा

नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए डीएम ने गोताखोरों, फ्लड पीएसी और राहत-बचाव दल की तैयारियों का भी जायजा लिया। उन्होंने घाट पर पर्याप्त रोशनी और सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा।

डीएम ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि मूर्ति विसर्जन की प्रक्रिया शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर एवं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट चेलवा राजू आर, एसडीएम धौरहरा राशि कृष्णा, प्रभारी निरीक्षक शारदा नगर सहित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button