#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशपुलिस विभागब्लैकमेलिंगसहारनपुर

2.20 करोड़ की स्मैक के साथ ‘किंगपिन’ नेटवर्क ध्वस्त, दो महिलाओं सहित चार शातिर गिरफ्तार

2.20 करोड़ की स्मैक के साथ ‘किंगपिन’ नेटवर्क ध्वस्त, दो महिलाओं सहित चार शातिर गिरफ्तार

थाना मंडी प्रभारी वीरेंद्र सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस को मिली ऐतिहासिक सफलता, अपराधियों में मचा हड़कंप!

सहारनपुर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ एक और बड़ा और निर्णायक प्रहार किया है। परिक्षेत्र में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन सवेरा — नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” के तहत थाना मंडी पुलिस, SOG, स्वाट और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने मिलकर एक अंतरराज्यीय तस्कर गैंग का पर्दाफाश करते हुए उसके मुख्य नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है। पुलिस ने दो महिला तस्करों सहित कुल चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 2 करोड़ 20 लाख रुपये मूल्य की 1 किलो 100 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई है।
मुखबिर से मिली खास सूचना के आधार पर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और एसपी सिटी व्योम बिंदल व सीओ सिटी प्रथम के पर्यवेक्षण में, थाना मंडी के प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह राणा, SOG प्रभारी राजीव कुमार सक्सेना और SWAT प्रभारी नीरज पंवार की संयुक्त टीम ने जाल बिछाया। पुलिस टीम ने चेकिंग और गश्त के दौरान बाबालाल दास आश्रम के बाड़े के गेट के पास से घेराबंदी कर चार शातिर तस्करों को दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में रेशमा उर्फ अर्शी (निवासी: हलवाई हट्टा, थाना मंडी, सहारनपुर) के कब्जे से 400 ग्राम, आसमा उर्फ बोबी (निवासी: पानी की टंकी, खाताखेड़ी, थाना मंडी, सहारनपुर) के कब्जे से 200 ग्राम, निजाकत उर्फ नज्जी (निवासी: नया कुंडा, मजरा बसी, थाना गंगोह, सहारनपुर) के कब्जे से 250 ग्राम और अब्दुल उर्फ आहद (निवासी: हलवाई हट्टा, रानी बाजार, थाना मंडी, सहारनपुर) के कब्जे से 250 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई है। इसके अतिरिक्त पुलिस ने इनके पास से तस्करी में प्रयुक्त 04 मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
एसपी सिटी व्योम बिंदल ने प्रेसवार्ता कर पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि कड़ाई से पूछताछ में गिरफ्तार तस्करों ने एक स्वर में कबूला कि वे यह भारी-भरकम स्मैक की खेप मुरादाबाद रेलवे स्टेशन के पास से लाते थे। वहां उन्हें एक अज्ञात व्यक्ति घूमता हुआ मिल जाता था, जिससे वे यह माल खरीदते थे। इसके बाद सहारनपुर लाकर वे इस अवैध स्मैक को छोटी-छोटी पुड़ियों में पैक करते थे और शहर के नशेड़ी युवकों व अन्य लोगों को महंगे दामों में बेचकर अवैध रूप से मोटी कमाई करते थे।
गिरफ्तार अभियुक्तों में शामिल निजाकत उर्फ नज्जी एक शातिर किस्म का अपराधी है, जिसका लंबा चौड़ा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ सहारनपुर के थाना गंगोह और थाना कोतवाली मंडी के अलावा शामली जिले के थाना गढ़ीपुख्ता और थाना झिंझाना में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक्स को खंगाल रही है ताकि इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य चेहरों को भी बेनकाब किया जा सके।
आपको बता दें कि जब से थाना मंडी की कमान प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह राणा ने संभाली है, तब से क्षेत्र में अपराधियों और नशा माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है। लगातार हो रही ताबड़तोड़ गिरफ्तारियों से यह साफ जाहिर होता है कि सहारनपुर पुलिस जनपद को नशा मुक्त बनाने के अपने संकल्प पर पूरी सख्ती से काम कर रही है। फिलहाल, सभी गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ थाना मंडी में मु०अ०सं० 522/26, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस ने सभी को आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

रिपोर्ट:- मो कलीम अंसारी

Related Articles

Back to top button