धान खरीद में लापरवाही व किसानों के शोषण पर जेकेएसएस मे रोष, 21 अक्टूबर से आंदोलन की चेतावनी

धान खरीद में लापरवाही व किसानों के शोषण पर जेकेएसएस मे रोष, 21 अक्टूबर से आंदोलन की चेतावनी
रिपोर्ट,अखिलेश यादव, पीलीभीत।
पीलीभीत/ पूरनपुर -दिनांक 19 अक्टूबर 2026 दिन सोमवार को बसंतपुर नौनेर में जन कल्याण सुरक्षा संघ की एक महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष राष्ट्रीय अध्यक्ष ब्रहमपाल सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस बैठक में धान क्रय केंद्रों की बदहाली और किसानों की उपेक्षा को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की गई।
गोष्ठी में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि राइस मिलरों और बिचौलियों की साठगांठ के चलते किसानों से समर्थन मूल्य की तुलना में सात सौ से आठ सौ रुपये कम दाम पर धान खरीदा जा रहा है। किसानों का लगातार आर्थिक शोषण किया जा रहा है, लेकिन मंडी सचिव और मंडी प्रधान किसानों की इस निरंतर उपेक्षा पर मौन साधे हुए हैं तथा दोषियों पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
बैठक में यह बात भी सामने आई कि धान क्रय केंद्रों पर भारी अव्यवस्था व्याप्त है। क्रय केंद्रों पर मंडी सचिवों की अनुपस्थिति के कारण किसानों का उत्पीड़न हो रहा है। स्थिति इतनी गंभीर है कि किसानों को खुले आसमान के नीचे रात बिताने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
गोष्ठी के अंत में निर्णय लिया गया कि आने वाले बुधवार, 21 अक्टूबर 2026 से संघ के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता एकजुट होकर इस शोषण के विरुद्ध जोरदार अभियान चलाएंगे। इसके साथ ही 14 दिसंबर को आयोजित होने वाले स्थापना दिवस की रूपरेखा भी तैयार की गई।
इस गोष्ठी में मुख्य रूप से राष्ट्रीय महासचिव श्रीपाल सिंह, जिला उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह, जिला सचिव बृजेश सिंह, तहसील प्रभारी कृपाल सिंह, ग्राम अध्यक्ष खासपुर संजीव कुमार पासवान सहित संगठन के कई अन्य पदाधिकारी व किसान उपस्थित रहे।



