दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को लेकर एसपी खीरी ने शारदा नदी घाट का किया निरीक्षण

दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को लेकर एसपी खीरी ने शारदा नदी घाट का किया निरीक्षण
ब्यूरो रिपोर्टर- तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी। आगामी दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस अधीक्षक खीरी डॉ. ख्याति गर्ग ने शारदा नदी के पास बनाए गए मूर्ति विसर्जन स्थल एवं घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, विसर्जन मार्ग, घाट की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और यातायात प्रबंधन का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि विसर्जन के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। घाट पर बैरिकेडिंग की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। साथ ही विसर्जन मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
एसपी ने निर्देशित किया कि दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान पुलिसकर्मी सतर्कता के साथ ड्यूटी करें, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय घटना की आशंका को रोका जा सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने और आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।



