मतदाता सूची में नाम जोड़ने के अभियान की डीएम ने परखी प्रगति, बीएलओ को दिए निर्देश

मतदाता सूची में नाम जोड़ने के अभियान की डीएम ने परखी प्रगति, बीएलओ को दिए निर्देश
गोला गोकर्णनाथ के पब्लिक इंटर कॉलेज में बूथ संख्या 238 से 243 तक किया निरीक्षण, फॉर्म-6 के जरिए नए मतदाताओं के पंजीकरण की ली जानकारी
ब्यूरो रिपोर्टर – तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी, 17 अक्टूबर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर शनिवार को जिले के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष कैंप लगाकर मतदाता पंजीकरण अभियान चलाया गया। सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक आयोजित इन कैंपों में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहे। अभियान के तहत मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों और पहली बार मतदान के लिए पात्र युवाओं को पंजीकरण का अवसर उपलब्ध कराया गया। अभियान की प्रगति का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने गोला गोकर्णनाथ स्थित पब्लिक इंटर कॉलेज में स्थापित बूथों का निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने कॉलेज परिसर में बनाए गए बूथ संख्या 238 से 243 तक पहुंचकर मतदाता पंजीकरण की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित बीएलओ रीता देवी, सुनीता देवी, शारिका रानी, अमित वर्मा, नसरीन खातून और चंद्रशेखर से अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त की। डीएम ने नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए प्राप्त फॉर्म-6 की स्थिति की समीक्षा करते हुए पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया को गंभीरता से पूरा करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम दर्ज होना लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक है। इसलिए बीएलओ अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ निर्वहन करें। विशेष रूप से पहली बार मतदान के लिए पात्र युवाओं का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी योग्य नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रह जाए।
उन्होंने अभियान के दौरान प्राप्त होने वाले फॉर्म-6 और पंजीकरण संबंधी कार्यों की नियमित निगरानी करने पर भी जोर दिया। प्रशासन का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक और समावेशी बनाना है, जिससे पात्र नागरिकों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेने का अवसर मिल सके।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम गोला युगांतर त्रिपाठी, तहसीलदार गोला सहित संबंधित सुपरवाइजर और राजस्व अधिकारी मौजूद रहे। वहीं, जिले के सभी उप जिला मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर विशेष कैंपों की निगरानी करते रहे। अधिकारियों ने बूथों पर पहुंचकर पंजीकरण अभियान की प्रगति देखी और बीएलओ को निर्धारित जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
पात्र नागरिकों से पंजीकरण कराने की अपील
प्रशासन ने मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों और पहली बार मतदान के लिए पात्र युवाओं से निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 भरकर पंजीकरण कराने की अपील की है। मतदाता सूची में नाम दर्ज होना मतदान करने के अधिकार का उपयोग करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। विशेष कैंपों के माध्यम से प्रशासन का प्रयास है कि अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ा जा सके और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित हो।



