#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशब्रेकिंग न्यूज़सहारनपुर

महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री जी के सिद्धांतों को जीवन में करें आत्मसात: डीएम अरविंद कुमार चौहान….

महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री जी के सिद्धांतों को जीवन में करें आत्मसात: डीएम अरविंद कुमार चौहान….

विशेष रिपोर्ट -मो कलीम अंसारी

सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित नवीन सभागार में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती अत्यंत श्रद्धा, सम्मान एवं हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने की।

प्रातः 09:00 बजे जिलाधिकारी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके पश्चात अपर जिलाधिकारी
(वित्त एवं राजस्व) सलिल कुमार पटेल, नगर मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह सहित उपस्थित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों व कलेक्ट्रेट कर्मचारियों ने भी महान विभूतियों को नमन करते हुए पुष्प अर्पित किए।

उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा व सत्याग्रह के विचार और लाल बहादुर शास्त्री की सादगी, ईमानदारी व अदम्य साहस आज भी पूरे विश्व के लिए प्रेरणास्रोत हैं। पूरे विश्व में गांधी जी के दर्शन पर शोध किया जा रहा है। उन्होंने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि इन महापुरुषों की जीवन शैली और कार्यशैली से सीख लेकर उसे अपनी दिनचर्या में शामिल करें।

प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर बल देते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए कि कलेक्ट्रेट में आने वाले हर फरियादी का काम बिना किसी सिफारिश के और निष्पक्ष रूप से होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्यों को योजनाबद्ध तरीके से निष्पादित करें और निर्णय लेते समय हमेशा यह ध्यान रखें कि उसका प्रभाव समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति पर क्या पड़ेगा।

इस अवसर पर एसडीएम अमित कुमार, एसडीएम कृष्ण राज, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार, संजय शर्मा सहित कलेक्ट्रेट के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button