अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार

अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार
20 चोरी की मोटरसाइकिलें, फर्जी नंबर प्लेट-आरसी और चेसिस-इंजन नंबर बदलने की डाई मशीन बरामद
रिपोर्ट:- मो कलीम अंसारी
सहारनपुर थाना नानौता पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 20 मोटरसाइकिलें, 07 फर्जी नंबर प्लेट, 04 फर्जी आरसी, चेसिस व इंजन नंबर बदलने वाली डाई मशीन, लोहे की रेती और काले पेंट का स्प्रे बरामद किया है। पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी गंगोह के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष विकास चारण के नेतृत्व में पुलिस टीम चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर जंगल ग्राम काशीपुर में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनूप उर्फ काला पुत्र राजकुमार, निवासी भावसी रायपुर, बादल उर्फ काकुल पुत्र सुरेंद्र, निवासी भावसी तथा अकुल उर्फ वंशु उर्फ वनराज पुत्र उमेश उर्फ बबरभान, निवासी भावसी रायपुर, थाना नानौता के रूप में हुई है। ऐसे बदलते थे चोरी की बाइक की पहचान
पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपियों ने बताया कि वे अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर अलग-अलग स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी करते थे। चोरी की बाइक के चेसिस और इंजन नंबर डाई मशीन से बदलने के साथ नंबर प्लेट भी बदल दी जाती थी। इसके बाद ऑनलाइन माध्यम से फर्जी आरसी तैयार कराकर वाहनों को बेचने की तैयारी की जाती थी। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने रामपुर मनिहारान, नानौता, नागल, बड़गांव समेत अन्य स्थानों से मोटरसाइकिलें चोरी करने की बात स्वीकार की है। चोरी किए गए वाहनों को काशीपुर क्षेत्र के आम के बाग में बने एक खाली मकान में छिपाकर रखा गया था। कई थानों में दर्ज मुकदमों से जुड़े मिले वाहन बरामद मोटरसाइकिलों में नानौता, बड़गांव, नागल, गागलहेड़ी और रामपुर मनिहारान थानों में दर्ज वाहन चोरी के मुकदमों से संबंधित बाइक भी शामिल हैं। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर थाना नानौता में मु0अ0सं0 247/26 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। वहीं पूर्व में दर्ज मु0अ0सं0 232/26 में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की। अनूप उर्फ काला का लंबा आपराधिक इतिहास
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी अनूप उर्फ काला के खिलाफ नानौता, देवबंद, थानाभवन समेत विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, चोरी, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट समेत कई धाराओं में पूर्व के 33 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं बादल उर्फ काकुल और अकुल उर्फ वंशु उर्फ वनराज के खिलाफ भी वाहन चोरी एवं मौजूदा प्रकरण समेत पांच-पांच मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस टीम गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष विकास चारण, उपनिरीक्षक मनोज कुमार, हेड कांस्टेबल विक्रान्त मान, मोहसीन, कपिल राणा, उपेन्द्र कुमार, अरविन्द कुमार तथा रिजर्व कांस्टेबल छतरपाल सिंह शामिल रहे।



