जिला महिला अस्पताल की एसएनसीयू टीम को मिला भारतीय बाल रोग अकादमी पुरस्कार-2026

जिला महिला अस्पताल की एसएनसीयू टीम को मिला भारतीय बाल रोग अकादमी पुरस्कार-2026
विशेष रिपोर्ट -मो कलीम अंसारी
सहारनपुर आज भारतीय बाल रोग अकादमी के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला महिला अस्पताल की एसएनसीयू का भ्रमण किया और उनकी टीम को उत्कृष्ट कार्य करने के लिए सम्मानित किया। आईएपी प्रतिवर्ष उत्कर्ष कार्य करने वाले बाल रोग विशेषज्ञों को सम्मानित करती है। भारतीय बाल रोग अकादमी प्रतिनिधिमंडल में अकादमी के सहारनपुर अध्यक्ष डॉ. रविकांत निरंकारी, आईएमए के नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. डी. के. गुप्ता, आईएपी सचिव डॉ. हिमांशु कुमार, कोषाध्यक्ष डॉ. डी. के. तिवारी एवं विज्ञान सचिव डॉ. महेश गोयल शामिल रहे। इस अवसर पर अकादमी अध्यक्ष एवं बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. रविकांत निरंकारी ने कहा कि जिला महिला अस्पताल की एसएनसीयू पूरे प्रदेश में एक उदाहरण पेश कर रही है और यह पूरे जिले के लिए सम्मान की बात है। सितंबर माह में एनएनएफ द्वारा जिला महिला चिकित्सालय, सहारनपुर की विशेष नवजात देखभाल इकाई को वर्ष 2026 के *सर्वश्रेष्ठ विशेष नवजात देखभाल इकाई पुरस्कार* से सम्मानित किया गया था।
भारतीय बाल रोग अकादमी ने जिला महिला चिकित्सालय एसएनसीयू टीम – मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका डॉ. इंदिरा सिंह, नोडल अधिकारी डॉ. संजय कुमार यादव, प्रभारी डॉ. मनदीप सिंह, नर्सिंग प्रभारी शशि देवी को *भारतीय बाल रोग अकादमी प्रशंसा पुरस्कार-2026* का स्मृति चिन्ह देकर पुरस्कृत किया।इकाई प्रभारी डॉ. मनदीप सिंह ने आईएपी टीम को एसएनसीयू का भ्रमण कराते हुए बताया कि प्रतिमाह लगभग 900 प्रसव जिला महिला अस्पताल में होते हैं, जिनके नवजात शिशुओं की देखभाल की जिम्मेदारी एसएनसीयू टीम पूरी तत्परता से निभा रही है, जिससे नवजात मृत्यु दर में उल्लेखनीय कमी आई है।संक्रमण नियंत्रण एवं स्वच्छता के उच्च मानकों का पालन करते हुए कम वजन के नवजातों के लिए कंगारू मदर केयर पद्धति को सफलतापूर्वक लागू किया गया है। बीमार शिशु के सफल रेफरल प्रबंधन के लिए उच्च सरकारी अस्पतालों से तालमेल रहता है एवं 24 घंटे विशेषज्ञ देखभाल मिलती है।माताओं को स्तनपान एवं नवजात देखभाल के लिए परामर्श एवं जागरूकता राष्ट्रीय नवजात शिशु मंच (एनएनएफ) के मानकों के अनुसार दी जाती है एवं गुणवत्तापूर्ण नर्सिंग केयर की जाती है। इन सभी उपलब्धियों के आधार पर जिला महिला अस्पताल की विशेष नवजात देखभाल इकाई टीम ने सहारनपुर का नाम पूरे प्रदेश में गौरवान्वित किया है।



