सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन, छात्राओं ने सीखे यातायात नियम

सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन, छात्राओं ने सीखे यातायात नियम
रायबरेली,15/11/25 दिन शनिवार : श्री के वीं सिन्हा बालिका इंटर कॉलेज, देवानंदपुर में बिरला कारपोरेशन और विश्वास संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में एक सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवा पीढ़ी को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के उपाय बताना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिरला कारपोरेशन के जिला यूनिट हेड श्री सुनील कुमार कोठारी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
मुख्य अतिथि श्री सुनील कुमार कोठारी ने अपने संबोधन में कहा कि यातायात नियमों का पालन करना केवल कानूनी दायित्व ही नहीं, बल्कि स्वयं की और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का जरिया भी है। उन्होंने जोर देकर कहा, “दुर्घटना से बचना है तो हेलमेट का प्रयोग अवश्य करें। चाहे सफर छोटा हो या लंबा, सुरक्षा हमेशा प्राथमिकता होनी चाहिए।”
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि और जिला यातायात प्रभारी श्री इंद्रपाल सिंह ने छात्राओं को यातायात नियमों की बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने ट्रैफिक सिग्नल पर बने विभिन्न चिन्हों और प्रतीकों के महत्व को विस्तार से समझाया। श्री सिंह ने ‘राहवीर योजना’ का भी जिक्र करते हुए बताया कि इस योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को तुरंत और उचित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाता है।
इस अवसर पर बिरला कारपोरेशन के सिक्योरिटी हेड श्री अभय विक्रम सिंह और सीएसआर मैनेजर श्री विश्वजीत साहू ने भी छात्राओं को संबोधित किया। विश्वास संस्थान के सचिव श्री विकास बाजपेई ने सामाजिक संगठनों की सड़क सुरक्षा में भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती बरखा भारती ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन छात्राओं के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होते हैं। उन्होंने कहा कि स्कूल स्तर पर ही बच्चों में यातायात नियमों के प्रति समझ विकसित करना भविष्य में सुरक्षित सड़क संस्कृति का निर्माण करेगा।



