सिसैया खुर्द मामले में भाजपा जिलाध्यक्ष ने लिया संज्ञानग्रामीणों से मिले अरविंद गुप्ता, निष्पक्ष जांच का दिलाया भरोसा

सिसैया खुर्द मामले में भाजपा जिलाध्यक्ष ने लिया संज्ञान
ग्रामीणों से मिले अरविंद गुप्ता, निष्पक्ष जांच का दिलाया भरोसा
ब्यूरो रिपोर्टर- तुषार शुक्ला
लखीमपुर-खीरी, 16 सितंबर। धौरहरा क्षेत्र के सिसैया खुर्द गांव में ग्रामीणों और पुलिस के बीच हुए विवाद को लेकर गांव में हलचल बनी हुई है। ग्रामीणों ने पुलिस पर घरों में घुसकर मारपीट करने तथा कई लोगों के घायल होने के आरोप लगाए हैं। मामला सामने आने के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने प्रकरण का संज्ञान लेते हुए निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया।
पुलिस अधीक्षक से मुलाकात के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता प्रतिनिधिमंडल के साथ सिसैया खुर्द गांव पहुंचे। उनके साथ जिला महामंत्री राजेश सिंह, जिला उपाध्यक्ष विनोद लोधी, कौशल किशोर तिवारी, सुनील दीक्षित, विकास शुक्ला तथा मंडल अध्यक्ष भोला नाथ मिश्रा मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और उनका हालचाल जाना।
ग्रामीणों ने प्रतिनिधिमंडल के समक्ष घटना का अपना पक्ष रखते हुए पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। ग्रामीणों के अनुसार, घटना में करीब 16 लोग घायल हुए हैं। उनका आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने घरों में घुसकर मारपीट की।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने मौके पर धौरहरा कोतवाल और सहायक विकास अधिकारी पंचायत को बुलाकर भी घटना के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
अरविंद गुप्ता ने अधिकारियों से घटना की वास्तविक स्थिति की जानकारी लेते हुए सभी पहलुओं की जांच पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी।
फिलहाल ग्रामीणों के आरोपों के साथ पुलिस का पक्ष भी सामने आना बाकी है। जांच के निष्कर्ष के बाद ही विवाद की पूरी स्थिति और जिम्मेदारी स्पष्ट हो सकेगी।



