मगरमच्छ के हमले से महिला की मौत, नाले के पास मिले अवशेष

मगरमच्छ के हमले से महिला की मौत, नाले के पास मिले अवशेष
ब्यूरो रिपोर्टर- तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी– धौरहरा ग्राम सभा कफारा के पास टपरी नाले में मगरमच्छ द्वारा महिला को खींच ले जाने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। गंगा देवी पत्नी गुड्डू शाक्य शाम करीब 6:30 बजे घर से निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं पहुंचीं।
परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की तो टपरी नाले के पास गंगा देवी के कुछ अवशेष और कपड़े मिले। बताया गया कि वह बाजार गई थीं, जहां से उनका सब्जी का थैला भी मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही तहसील प्रशासन और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। एसडीएम धौरहरा, तहसीलदार आदित्य विशाल, सीओ धौरहरा, थाना प्रभारी धौरहरा तथा रेंजर धौरहरा सहित वन विभाग की पूरी टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
प्रशासनिक अधिकारियों ने मृतका के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।



