दौड़े सैकड़ों युवा, माधो टांडा के अरबाज ने 1600 मीटर में मारी बाजी

दौड़े सैकड़ों युवा, माधो टांडा के अरबाज ने 1600 मीटर में मारी बाजी
रिपोर्ट: अखिलेश कुमार यादव, पीलीभीत
पूरनपुर, पीलीभीत। युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में विकासखंड पूरनपुर की ग्राम पंचायत भैरो कलां में दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में आसपास की ग्राम पंचायतों से पहुंचे सैकड़ों युवाओं ने दमखम दिखाया। 1600 मीटर की मुख्य दौड़ में माधो टांडा के अरबाज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता में भैरो कलां, बंजरिया, भगवंतपुर, नवाबगंज, जहानाबाद और माधो टांडा समेत कई ग्राम पंचायतों के युवाओं ने प्रतिभाग किया। 1600 मीटर और 800 मीटर की दौड़ में खिलाड़ियों ने अपनी रफ्तार और शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
1600 मीटर में अरबाज का शानदार प्रदर्शन
मुख्य 1600 मीटर दौड़ में माधो टांडा निवासी अरबाज ने प्रथम स्थान प्राप्त कर 2100 रुपये नकद पुरस्कार और मेडल अपने नाम किया। जहानाबाद के अशोक ने द्वितीय स्थान हासिल किया, जिन्हें 1100 रुपये और मेडल प्रदान किया गया। बंजरिया के जेवेश तृतीय स्थान पर रहे और उन्हें 500 रुपये व मेडल से सम्मानित किया गया।
800 मीटर में हरिश्चंद ने हासिल की जीत
800 मीटर दौड़ में भगवंतपुर के हरिश्चंद ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्हें 1100 रुपये और मेडल दिया गया। नवाबगंज के कुश कुमार द्वितीय स्थान पर रहे, जिन्हें 500 रुपये व मेडल मिला। वहीं, पूरनपुर के अंकित ने तृतीय स्थान हासिल कर 101 रुपये और मेडल प्राप्त किया।
अधिक प्रतिभागियों के चलते बढ़ाई गई इनाम राशि
आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता में प्रतिभागियों की संख्या अधिक होने के कारण 1600 मीटर दौड़ की पुरस्कार राशि में बढ़ोतरी की गई। प्रथम पुरस्कार 1100 रुपये से बढ़ाकर 2100 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 500 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये और तृतीय पुरस्कार 200 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये कर दिया गया।
ग्रामीणों की मौजूदगी में संपन्न हुई प्रतियोगिता
प्रतियोगिता के दौरान युवक मंगल दल अध्यक्ष गगन पाल, कोषाध्यक्ष विशाल यादव, कमेटी सदस्य डॉ. जगरूप सिंह, बंटू कुशवाहा, वीरपाल कुशवाहा, शिवम कुशवाहा सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। आयोजकों ने युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग दिया।














