SSP अभिनन्दन सिंह ने प्रेस वार्ता कर किया नकली सिक्के बनाने वाले बड़े गिरोह का पर्दाफाश

SSP अभिनन्दन सिंह ने प्रेस वार्ता कर किया नकली सिक्के बनाने वाले बड़े गिरोह का पर्दाफाश
विशेष रिपोर्ट -मो कलीम अंसारी
सहारनपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अभिनन्दन सिंह ने एक प्रेस वार्ता के दौरान जाली सिक्के बनाने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करने का आधिकारिक खुलासा किया। पुलिस लाइन में पत्रकारों को संबोधित करते हुए SSP ने बताया कि थाना कोतवाली नगर, एसओजी, स्वाट और सर्विलांस की संयुक्त पुलिस टीम ने सटीक सूचना के आधार पर 12 सितंबर 2026 को चैकिंग के दौरान गिरोह के 5 शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
प्रेस वार्ता में SSP अभिनन्दन सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में उपकार लूथरा उर्फ अभय प्रताप सिंह (मोहाली, पंजाब), हिमांशु उर्फ गुल्लू (तीतरों, सहारनपुर – आपराधिक इतिहास वाला), कुलदीप (मुजफ्फरनगर/सहारनपुर), संतोष चौरसिया उर्फ जनार्धन (मधुबनी, बिहार) और अनुराग पाल उर्फ लंकेश (संत रविदास नगर) शामिल हैं। कड़ाई से की गई पूछताछ में अभियुक्तों ने कुबूल किया कि वे हाई-टेक मशीनों और डाई के जरिए 20-20 रुपये के नकली सिक्के ढालते थे और उन्हें बाजार, शराब ठेकों व टोल प्लाजा पर खपाते थे। गिरोह अब तक बाजार में करीब 70 करोड़ रुपये से अधिक के नकली सिक्के चला चुका है।
पुलिस कप्तान ने बताया कि मौके से ₹1,28,000 मूल्य के 20-20 रुपये के 6,400 नकली सिक्के, ₹10,000 नकद (500 के नोट), 8 मोबाइल, सिक्के बनाने की 6 मशीनें, 59 डाई, ₹5 लाख के अधबने सिक्के, सिक्के घिसने व पॉलिश करने के उपकरण, एक इको स्पोर्ट कार, स्विफ्ट डिजायर कार (UP70HZ8108), 7 हिसाब रजिस्टर और चेकबुक बरामद हुई है। इस शानदार सफलता पर SSP ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए बताया कि आरोपियों के खिलाफ थाना कोतवाली नगर में बीएनएस की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



