ब्रेकिंग न्यूज़

युवा कल्याण विभाग ने कराई दौड़ प्रतियोगिता, माधोटांडा के अरबाज ने मारी बाजी

युवा कल्याण विभाग ने कराई दौड़ प्रतियोगिता, माधोटांडा के अरबाज ने मारी बाजी

रिपोर्ट, अखिलेश कुमार यादव, पीलीभीत
पूरनपुर, पीलीभीत। युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में विकास खंड पूरनपुर की ग्राम पंचायत भैरो कलां में दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें भैरो कलां, बंजरिया, भगवंतपुर, नवाबगंज, जहानाबाद, माधो टांडा सहित कई ग्राम पंचायतों के सैकड़ों युवाओं ने प्रतिभाग किया।

प्रतियोगिता दो वर्गों में हुई, 1600 मीटर और 800 मीटर। दोनों ही वर्गों को लेकर युवाओं में भारी उत्साह देखने को मिला।

1600 मीटर में अरबाज प्रथम
1600 मीटर की मुख्य दौड़ में माधो टांडा के अरबाज ने 2100 रुपये व मेडल के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान पर जहानाबाद के अशोक रहे जिन्हें 1100 रुपये व मेडल दिया गया। तृतीय स्थान बंजरिया के जेवेश ने प्राप्त किया, उन्हें 500 रुपये व मेडल से सम्मानित किया गया।

800 मीटर में हरिश्चंद अव्वल
800 मीटर दौड़ में भगवंतपुर के हरिश्चंद ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, उन्हें 1100 रुपये व मेडल दिया गया। नवाबगंज के कुश कुमार द्वितीय रहे, उन्हें 500 रुपये व मेडल मिला। पूरनपुर के अंकित ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, उन्हें 101 रुपये व मेडल से सम्मानित किया गया।

इनाम राशि बढ़ाई गई
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता में एंट्री अधिक होने के कारण 1600 मीटर की इनाम राशि बढ़ा दी गई। प्रथम पुरस्कार 1100 से बढ़ाकर 2100 रुपये, द्वितीय 500 से बढ़ाकर 1100 रुपये और तृतीय 200 से बढ़ाकर 500 रुपये कर दिया गया।

इस अवसर पर युवक मंगल दल अध्यक्ष गगन पाल, कोषाध्यक्ष विशाल यादव, कमेटी सदस्य डॉ. जगरूप सिंह, बंटू कुशवाहा, वीरपाल कुशवाहा, शिवम कुशवाहा सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button