#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशब्रेकिंग न्यूज़लखीमपुर खीरी

बाढ़ के पानी के बीच नाव बनी राहत की राह, 250 परिवारों तक पहुंची मदद

बाढ़ के पानी के बीच नाव बनी राहत की राह, 250 परिवारों तक पहुंची मदद

ब्यूरो रिपोर्टर तुषार शुक्ला
लखीमपुर-खीरी, 10 सितंबर। बाढ़ के पानी से रास्ते बंद होने के बावजूद प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने नाव के जरिए प्रभावित गांवों तक पहुंचकर राहत सामग्री वितरित की। तहसील सदर के ब्लॉक नकहा अंतर्गत ग्राम रेहरिया के मजरा उत्तमपुरवा और लोधपुरवा में भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता, सदर विधायक योगेश वर्मा, उपजिलाधिकारी/ज्वाइंट मजिस्ट्रेट लखीमपुर चेलवा राजू आर. और तहसीलदार मुकेश कुमार वर्मा नाव से गांव पहुंचे। करीब आधे घंटे के सफर के बाद मौके पर 250 बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत किट बांटी गई।

जलभराव के बीच गांव पहुंचे जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों से संवाद कर उनकी समस्याएं और जरूरतें जानीं। अधिकारियों ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत के लिए पानी पार कर कहीं जाने की जरूरत न पड़े, इसके लिए राहत सामग्री गांव में ही उपलब्ध कराई जा रही है।

सदर विधायक योगेश वर्मा ने कहा कि बाढ़ जैसी आपदा में प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। राहत कार्य लगातार जारी हैं और यह प्रयास है कि कोई भी प्रभावित परिवार सहायता से वंचित न रहे।

भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। शासन की मंशा के अनुरूप जरूरतमंदों तक राहत सामग्री पहुंचाने और उनकी आवश्यकताओं को प्राथमिकता देने पर जोर दिया जा रहा है।

प्रत्येक लाभार्थी को दी गई राहत किट में आटा, चावल, अरहर दाल, आलू, तेल, नमक, चीनी, लाई, भुना व गैर-भुना चना, बिस्कुट, मसाले समेत खाद्य सामग्री शामिल है। इसके अलावा माचिस, मोमबत्ती, नहाने व कपड़े धोने का साबुन, सैनिटरी पैड, तौलिया, बाल्टी, मग, त्रिपाल और अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री भी दी गई।

Related Articles

Back to top button