बाढ़ की मार के बीच राहत का सहारा, रूरा सुलतानपुर पहुंचे विधायक अमन गिरी

बाढ़ की मार के बीच राहत का सहारा, रूरा सुलतानपुर पहुंचे विधायक अमन गिरी
बाढ़ प्रभावित परिवारों को बांटी राहत किट, ग्रामीणों की सुनी समस्याएं
ब्यूरो रिपोर्टर -तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी, 09 सितंबर। बाढ़ के पानी से घिरे रूरा सुलतानपुर गांव में बुधवार को गोला विधायक अमन गिरी पहुंचे। विधायक ने एसडीएम युगांतर त्रिपाठी के साथ बाढ़ प्रभावित परिवारों का हाल जाना और उन्हें राहत किट वितरित की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
विधायक अमन गिरी ने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों तक तत्काल राहत पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में कोई भी परिवार खुद को अकेला न समझे। सरकार और प्रशासन ग्रामीणों के साथ खड़े हैं। भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाओं और आवश्यक सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए राहत कार्य लगातार चलाए जा रहे हैं।
राहत किट में खाद्यान्न के साथ रोजमर्रा की जरूरतों का भी ध्यान रखा गया। प्रत्येक परिवार को 10 किलो आटा, 10 किलो चावल, दो किलो अरहर दाल, 10 किलो आलू, एक लीटर सरसों का तेल/रिफाइंड और एक किलो नमक दिया गया। इसके अलावा 2.5 किलो लाई, दो किलो गैर-भुना चना, दो किलो भुना चना, एक किलो चीनी और 10 पैकेट बिस्कुट भी शामिल हैं।
आपदा के दौरान जरूरी सामग्री के तौर पर माचिस, मोमबत्ती और नहाने के साबुन भी राहत किट में दिए गए। महिलाओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए 20 सैनिटरी पैड, कपड़े धोने के दो साबुन, एक तौलिया, एक मीटर सूती कपड़ा, 20 डिस्पोजेबल बैग, एक मग और 100 मिलीलीटर डेटाल/सेवलॉन भी उपलब्ध कराया गया।
इसके साथ ही घरेलू उपयोग के लिए 18 लीटर की ढक्कनदार बाल्टी तथा बारिश और अस्थायी आश्रय के लिए 12×10 वर्गफुट का त्रिपाल भी राहत सामग्री में शामिल किया गया।
विधायक अमन गिरी ने कहा कि राहत वितरण का उद्देश्य केवल खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि बाढ़ से प्रभावित परिवारों को मुश्किल समय में आवश्यक सहारा देना है। उन्होंने कहा कि जहां भी जरूरत होगी, वहां राहत सामग्री और अन्य जरूरी सुविधाएं पहुंचाई जाएंगी।
इस दौरान एसडीएम युगांतर त्रिपाठी, तहसीलदार समेत राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।



