रपटा पुल क्षतिग्रस्त, पलिया-गौरीफंटा मार्ग पर आवागमन बंद

रपटा पुल क्षतिग्रस्त, पलिया-गौरीफंटा मार्ग पर आवागमन बंद
ब्यूरो रिपोर्टर -तुषार शुक्ला
पलिया कलां, खीरी। पलिया-गौरीफंटा मार्ग पर बंसीनगर के पास स्थित रपटा पुल क्षतिग्रस्त हो जाने से मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बंद हो गया। पुल की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन वाहनों की आवाजाही रोक दी। मार्ग बंद होने से सड़क के दोनों ओर कई छोटे-बड़े वाहन फंस गए, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुल क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलते ही एसडीएम पलिया पुष्पक पुलिस और प्रशासनिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने क्षतिग्रस्त पुल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। एसडीएम ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को जल्द मरम्मत कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए।
एसडीएम पुष्पक ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फिलहाल मार्ग पर आवागमन बंद कराया गया है। संबंधित अधिकारियों को पुल की मरम्मत के साथ वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की ओर से जल्द यातायात सुचारू कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।



