ईद-ए-मिलाद-उन नबी के जुलूस पर पालिकाध्यक्ष ने की पुष्प वर्षा, दिया सौहार्द का संदेश

ईद-ए-मिलाद-उन नबी के जुलूस पर पालिकाध्यक्ष ने की पुष्प वर्षा, दिया सौहार्द का संदेश
ब्यूरो रिपोर्टर -तुषार शुक्ला
गोला गोकरननाथ खीरी 26 अगस्त। बारावफात के अवसर पर नगर में निकाले गए जुलूस का नगर पालिका अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। उन्होंने जुलूस में शामिल लोगों पर पुष्प वर्षा कर बारावफात की शुभकामनाएं दीं।
जुलूस के दौरान भारत माता की जय और हिंदुस्तान जिंदाबाद के जयकारों से माहौल देशभक्ति और भाईचारे से सराबोर नजर आया। इस दौरान आपसी प्रेम, एकता और सामाजिक सौहार्द का संदेश देखने को मिला।
पालिकाध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू ने कहा कि छोटी काशी गोला गोकर्णनाथ की पहचान हमेशा आपसी भाईचारे, प्रेम और सामाजिक सौहार्द के लिए रही है। सभी पर्व एवं त्योहारों को मिल-जुलकर मनाना हमारी समृद्ध गंगा-जमुनी संस्कृति और आपसी एकता का प्रतीक है।
इस अवसर पर सभासदगण, अधिशासी अधिकारी सहित नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। जुलूस के दौरान नगर पालिका की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गईं।



