लूट की घटनाओं का खुलासा, दो लुटेरे समेत तीन गिरफ्तार

लूट की घटनाओं का खुलासा, दो लुटेरे समेत तीन गिरफ्तार
मोटरसाइकिल, तमंचा-कारतूस, नकदी और लूट का सामान बरामद
ब्यूरो रिपोर्टर -तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी।मोहम्मदी पुलिस ने लूट की दो घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो आरोपी लूट की वारदातों में शामिल बताए गए हैं, जबकि तीसरे पर लूट का सामान खरीदने का आरोप है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाल रंग की टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल, 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, 7,800 रुपये नकद तथा पीली धातु के कान के कुंडल और झाला बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त को मोहम्मदी पुलिस ने मोहम्मदी-शाहजहांपुर मार्ग पर शंकरपुर राजा जाने वाले मोड़ के पास कार्रवाई करते हुए रोहित गौतम निवासी आंवा दुगइयां, थाना पुवायां, जनपद शाहजहांपुर, नितिन गौतम निवासी सुआताली मड़ैया, थाना मोहम्मदी और लक्ष्मण गुप्ता निवासी बाजारगंज, कस्बा मोहम्मदी को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि रोहित गौतम और नितिन गौतम के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त लाल रंग की टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल, 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और तलाशी में 7,800 रुपये बरामद हुए। वहीं लूट का सामान खरीदने के आरोपी लक्ष्मण गुप्ता के कब्जे से पीली धातु का एक कान का कुंडल और एक कान का झाला बरामद किया गया।
पुलिस ने इस कार्रवाई को मु0अ0सं0 499/2026 और मु0अ0सं0 500/2026 से संबंधित लूट की घटनाओं के अनावरण के रूप में बताया है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
**गिरफ्तार करने वाली टीम में** उपनिरीक्षक रामचन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक मेराज अहमद, कांस्टेबल हुकम सिंह, कांस्टेबल जगमोहन, कांस्टेबल प्रदीप और कांस्टेबल सुरेन्द्र गोस्वामी शामिल रहे।



