#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशपुलिस विभागलखीमपुर खीरी

हैदराबाद थाने में मिली अज्ञात युवती, हाथ पर गुदा है ‘कंचन’ नाम

हैदराबाद थाने में मिली अज्ञात युवती, हाथ पर गुदा है ‘कंचन’ नाम

परिजनों की तलाश में जुटी पुलिस, आमजन से जानकारी साझा करने की अपील

ब्यूरो रिपोर्टर – तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी। थाना हैदराबाद क्षेत्र में करीब 22 वर्षीय एक अज्ञात युवती मिली है। युवती अपना नाम केवल कंचन बता पा रही है और अपने घर-परिवार के बारे में कोई जानकारी नहीं दे पा रही है। पुलिस ने युवती को सुरक्षित स्थान पर रखा है और उसके परिजनों की तलाश में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, 3 अगस्त 2026 को लोहरैय्या निवासी निर्देश भार्गव पुत्र विनोद भार्गव ने 112 नंबर पर सूचना दी कि क्षेत्र में एक अज्ञात युवती घूम रही है, जो मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रही है। सूचना मिलते ही पीआरवी 7926 मौके पर पहुंची और युवती को थाना हैदराबाद लेकर आई।

पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर युवती ने अपना नाम कंचन बताया, लेकिन इसके अलावा वह अपने घर, गांव या परिजनों के संबंध में कोई जानकारी नहीं दे सकी।

पुलिस के अनुसार युवती की उम्र करीब 22 वर्ष है। उसने काली-सलेटी रंग की साड़ी, लाल रंग का पेटीकोट और पीले रंग का ब्लाउज पहन रखा है। गले में लाल रंग के छोटे गोल मोतियों की माला है और वह नंगे पैर है। उसके दाहिने हाथ पर ‘कंचन’ नाम गुदा हुआ है। युवती का रंग गेहुँआ, लंबाई करीब पांच फुट, चेहरा लंबा तथा शरीर इकहरा और मजबूत है।

थानाध्यक्ष सुनील मलिक ने बताया कि युवती को वन स्टॉप सेंटर, लखीमपुर में सुरक्षित रखा गया है। पुलिस उसके परिजनों की तलाश कर रही है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति युवती को पहचानता हो या उसके संबंध में कोई जानकारी रखता हो तो तत्काल थाना हैदराबाद पुलिस को सूचित करे, ताकि उसे उसके परिजनों तक पहुंचाया जा सके।

Related Articles

Back to top button