#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशब्रेकिंग न्यूज़लखीमपुर खीरी

रक्षाबंधन पर मातृशक्ति को योगी सरकार की सौगात, तीन दिन मुफ्त बस यात्रा

रक्षाबंधन पर मातृशक्ति को योगी सरकार की सौगात, तीन दिन मुफ्त बस यात्रा

29 अगस्त से 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को भी पूरे प्रदेश में निशुल्क रोडवेज यात्रा की सुविधा

ब्यूरो रिपोर्टर-  तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी, 26 अगस्त। रक्षाबंधन से पहले योगी सरकार ने महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। रक्षाबंधन के अवसर पर 27 अगस्त सुबह छह बजे से 29 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे तक सभी महिलाएं अपने सहयात्री के साथ रोडवेज और सिटी बसों में निशुल्क यात्रा कर सकेंगी। वहीं, 29 अगस्त से 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को पूरे प्रदेश में रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी।

इस अवसर पर बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में जनपद स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। विधायक योगेश वर्मा, विधायक विनोद शंकर अवस्थी, भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता और पालिकाध्यक्ष डॉ. ईरा श्रीवास्तव ने डीएम अंजनी कुमार सिंह व सीडीओ अभिषेक कुमार के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण बड़ी संख्या में मौजूद महिलाओं ने देखा और सुना।

महिला परिचालकों और महिलाओं का हुआ सम्मान

कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने महिलाओं के साथ उत्तर प्रदेश परिवहन निगम में कार्यरत महिला परिचालकों को भी सम्मानित किया। उन्हें साड़ी और मिठाई का डिब्बा भेंट किया गया। रक्षाबंधन से पहले मिली निशुल्क यात्रा की सौगात और सम्मान से कार्यक्रम स्थल पर उत्साह का माहौल रहा।

कार्यक्रम का संयोजन सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक लखीमपुर डिपो गीता सिंह और एआरटीओ शांति भूषण पांडेय ने संयुक्त रूप से किया। संचालन पीटीओ डॉ. कौशलेंद्र यादव ने किया।

बहनों के लिए मायके पहुंचना होगा आसान

सदर विधायक योगेश वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने रक्षाबंधन पर महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। तीन दिन तक महिलाएं अपने सहयात्री के साथ निशुल्क बस यात्रा कर सकेंगी, जिससे बहनों को भाइयों की कलाई पर राखी बांधने के लिए मायके पहुंचने में सहूलियत होगी। उन्होंने कहा कि सरकार मातृशक्ति के हित में लगातार कार्य कर रही है।

भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने कहा कि ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना’ महिलाओं के सम्मान और सुविधा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को निशुल्क रोडवेज यात्रा की सुविधा मिलने से बुजुर्ग माताओं के लिए धार्मिक और तीर्थस्थलों की यात्रा भी आसान होगी।

विधायक विनोद शंकर अवस्थी ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होलकर ने देश के प्रमुख तीर्थस्थलों पर मंदिरों के निर्माण और जीर्णोद्धार के माध्यम से भारतीय संस्कृति के संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके नाम पर शुरू की गई योजना महिलाओं को सम्मान और सुविधा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम में जिला महामंत्री राजेश सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष संतोष कुमारी, किरण अग्रवाल, जिला मंत्री रश्मि गुप्ता, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष लता श्रीवास्तव, महिला मोर्चा जिला महामंत्री कीर्ति गुप्ता, प्रतिभा भदौरिया, डीसी एनआरएलएम जितेंद्र कुमार मिश्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

Related Articles

Back to top button