एनएसबीवीएम में मनाया गया ’महिला समानता दिवस’

एनएसबीवीएम में मनाया गया ’महिला समानता दिवस’
रायबरेली 26 अगस्त 2026
न्यू स्टैंडर्ड बालिका विद्या मंदिर में ’महिला समानता दिवस’ पर कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में स्कूल की शिक्षिका श्रीमती प्रिया यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि 26 अगस्त की यह तारीख 1920 के उस दिन की याद दिलाती है, जिस दिन अमेरिका में महिलाओं को पहली बार वोट देने के अधिकार की घोषणा की गई थी। उन्होंने कहा कि यह बड़े ही दुख की बात है कि हर क्षेत्र में अपनी कामयाबी का परचम लहराने वाली महिलाओं को आज भी अपने अधिकारों के लिए लड़ाई लड़नी पड़ रही है। यह वास्तव में आधुनिक नारी के लिए बहुत ही विचारणीय प्रश्न है। आज भी महिलाओं को पुरुषों की परम्परावादी सोच का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन अब जैसे-जैसे शिक्षा का प्रचार-प्रसार बढ़ रहा है तो महिलाओं की सोच में भी बदलाव आया है। अब वे अपने अधिकारों के विषय में भलीभंाति परिचित हो चुकी हैं। सरकार भी महिलाओं की समानता को लेकर सजग है। महिला शक्ति और सशक्तिकरण को आधार बनाते हुए उन्होंने एक सुंदर सा गीत सुनाकर कार्यक्रम की श्री वृद्धि की।
अन्त में अपने संबोधन में विद्यालय प्रधानाचार्य श्री तारकेश्वर सिंह जी ने कहा कि समय बदलने के साथ लोगों की सोच में भी बदलाव आया है। अब महिलाएं घर तक ही सीमित न रहकर शिक्षा, स्वास्थ्य, राजनीति, खेल-जगत, डिफेंस आदि क्षेत्रों में भी अपनी शक्ति, साहस और विवेक का परिचय देते हुए पुरुषों के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रही हैं। उन्होंने पहली महिला राफेल लड़ाकू विमान पायलट शिवांगी सिंह का भी उदाहरण दिया। प्रत्येक क्षेत्र में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी को देखते हुए उनको भी पुरुषों के समान हर क्षेत्र में बराबर के अधिकार प्राप्त होने चाहिए। तभी ’महिला समानता दिवस’ मनाए जाने की सार्थकता सत्य सिद्ध होगी।



