नया डाटा मैनेजमेंट पोर्टल अब दूर करेगा आयुष्मान कार्ड की खामियां- सीएमओ

नया डाटा मैनेजमेंट पोर्टल अब दूर करेगा आयुष्मान कार्ड की खामियां- सीएमओ
आयुष्मान कार्ड की त्रुटियां सुधारना हुआ आसान: नया डेटा मैनेजमेंट पोर्टल शुरू, सीएचसी व जिला अस्पताल में होगा संशोधन
ब्यूरो रिपोर्टर – तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के लाभार्थियों के लिए अच्छी खबर है। यदि आपके आयुष्मान कार्ड में पिता का नाम, जन्मतिथि, लिंग, पता या मोबाइल नंबर जैसी कोई तकनीकी विसंगति दर्ज हो गई है, तो उसे अब आसानी से सुधारा जा सकेगा। सरकार ने ऐसे मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए नया डेटा मैनेजमेंट पोर्टल शुरू किया है, जिससे कार्डधारक के स्वयं के नाम को छोड़कर बाकी सभी त्रुटियों को दुरुस्त कराया जा सकता है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संतोष गुप्ता ने बताया कि आयुष्मान कार्ड जारी करने के लिए पोर्टल पर दर्ज डेटा और आधार व राशन कार्ड के विवरण में 80 फीसदी तक समानता होना जरूरी होता है। कई बार नाम की स्पेलिंग, पिता के नाम या उम्र में मामूली अंतर होने के कारण सिस्टम कार्ड जेनरेट नहीं कर पाता था और पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित रह जाते थे। इस नए पोर्टल की मदद से अब इन विसंगतियों को ठीक किया जाएगा, जिससे छूटे हुए पात्र लाभार्थियों के कार्ड भी तुरंत बन सकेंगे। संशोधन की सुविधा सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी), जिला अस्पताल और सीएमओ कार्यालय पर यह सुविधा मिल सकेगी।
आधार व राशन कार्ड लेकर पहुंचें केंद्र
सीएमओ ने बताया कि लाभार्थी अपने आवश्यक दस्तावेज जैसे आधार कार्ड, राशन कार्ड और आधार से लिंक मोबाइल नंबर लेकर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जा सकते हैं। वहां तैनात ऑपरेटर पोर्टल पर दस्तावेज अपलोड कर संशोधन की प्रक्रिया पूरी करेंगे।
इन विवरणों में करा सकते हैं बदलाव
जन्मतिथि एवं आयु जेंडर (महिला/पुरुष) पिता अथवा पति का नाम मोबाइल नंबर एवं आवासीय पता



