सात चोरी की वारदातों का खुलासा, तीन शातिर चोर गिरफ्तार

सात चोरी की वारदातों का खुलासा, तीन शातिर चोर गिरफ्तार
ब्यूरो रिपोर्टर- तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी। पढ़ुआ पुलिस ने थाना पढ़ुआ और निघासन क्षेत्र में हुई चोरी की सात घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया है, जिसमें इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, बर्तन, ऑटो पार्ट्स, समरसेबल मोटर, बैटरी, इनवर्टर और खेल सामग्री शामिल है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गामा उर्फ सुफियान निवासी बिनौरा, आकाश निवासी रकेहटी और गुलजार निवासी दुलही के रूप में हुई है। तीनों को 25 अगस्त की रात करीब 1:50 बजे जम्हौरा मोड़ पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया।
बरामद सामान में कैमरा, कीबोर्ड, माउस, करीब 800 ग्राम तांबे के तार, गैस सिलेंडर व भट्टी, समरसेबल मोटर, 26 डिब्बे मोबिल ऑयल, तीन बैटरी, इनवर्टर, ऑटो पार्ट्स तथा खेल सामग्री शामिल है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार गामा उर्फ सुफियान के खिलाफ पहले से 18 अभियोग दर्ज हैं, जबकि आकाश और गुलजार के खिलाफ सात-सात मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया है।



