उचौलिया पुलिस की मुठभेड़ में लूट का वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

उचौलिया पुलिस की मुठभेड़ में लूट का वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
ब्यूरो रिपोर्टर तुषार शुक्ला,लखीमपुर खीरी
लखीमपुर खीरी, 24 अगस्त 2026। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना उचौलिया पुलिस ने लूट की घटना में वांछित अभियुक्त को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान अभियुक्त के दाहिने पैर की पिंडली में गोली लगी। उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और लूट की मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार 23 अगस्त की रात प्रभारी निरीक्षक उचौलिया अवधराज सिंह सेंगर पुलिस बल के साथ संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि थाना उचौलिया में दर्ज लूट के मुकदमे का वांछित अभियुक्त मोटरसाइकिल से आ रहा है।
पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया तो आरोप है कि उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ फायरिंग की, जिसमें अभियुक्त उमेश पुत्र बैजनाथ यादव निवासी ग्राम सरौरी, थाना सेहरामऊ दक्षिणी, जनपद शाहजहांपुर के दाहिने पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में अभियुक्त ने अपने साथी के साथ लूट की घटना में शामिल होना स्वीकार किया। उसके कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और लूट की बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद हुई।
घायल अभियुक्त को प्राथमिक उपचार एवं मेडिकल के लिए सीएचसी पसगवां भेजा गया। मामले में थाना उचौलिया पर धारा 109(1) बीएनएस तथा 3/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ शाहजहांपुर के सेहरामऊ दक्षिणी थाने में पूर्व के कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अवधराज सिंह सेंगर, उपनिरीक्षक मनोज कुमार, उपनिरीक्षक मो. मुकरीम सहित थाना उचौलिया के पुलिसकर्मी शामिल रहे।




