मारपीट के बाद थार से कुचलने का प्रयास, दो आरोपी गिरफ्तार, वाहन सीज

मारपीट के बाद थार से कुचलने का प्रयास, दो आरोपी गिरफ्तार, वाहन सीज
ब्यूरो रिपोर्टर तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी। कोतवाली सदर पुलिस ने मारपीट के बाद थार वाहन से कुचलने के प्रयास के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त थार वाहन को भी विधिक कार्रवाई के तहत सीज कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 5 अगस्त को अभय कुमार पुत्र जय प्रकाश ने कोतवाली सदर में तहरीर देकर आरोप लगाया कि 4 अगस्त की शाम करीब पांच बजे विपक्षी पक्ष ने उन्हें बुलाकर गाली-गलौज और मारपीट की। इसके बाद आरोपियों ने उनके तथा उनके बुआ के पुत्र अनुराग के ऊपर थार वाहन (पंजीकरण संख्या UP64AQ9224) चढ़ाकर कुचलने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही पुलिस ने वाहन का पीछा किया, लेकिन चालक तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए फरार हो गया।
प्रकरण में प्राप्त तहरीर के आधार पर कोतवाली सदर में मुकदमा संख्या 624/2026 धारा 115(2), 352 एवं 351(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। विवेचना के दौरान सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने वाहन चालक विनय पुत्र सुब्बालाल तथा वाहन स्वामी अंशुल खन्ना को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने मुकदमे में धारा 109(1) बीएनएस (पूर्व में धारा 307 भादवि की बढ़ोतरी करते हुए घटना में प्रयुक्त थार वाहन को सीज कर दिया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।



