छोटी काशी में कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने पुलिस को दिया सुरक्षा का मंत्र

छोटी काशी में कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने पुलिस को दिया सुरक्षा का मंत्र
ब्यूरो रिपोर्टर तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी। श्रावण मास में छोटी काशी गोला गोकर्णनाथ धाम पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की सुरक्षा एवं सुगम आवागमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। शुक्रवार को पुलिस लाइंस सभागार में डीएम अंजनी कुमार सिंह और एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने संयुक्त रूप से पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों की ब्रीफिंग कर ड्यूटी के दौरान सतर्कता, संवेदनशीलता और अनुशासन के साथ जिम्मेदारियों के निर्वहन के निर्देश दिए।
डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था का महापर्व है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और निर्बाध आवागमन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें, ताकि प्रत्येक शिवभक्त सुरक्षित और सुखद यात्रा का अनुभव कर सके।
प्रशासन द्वारा जारी योजना के अनुसार बहराइच, लहरपुर, सीतापुर, लखनऊ, शाहजहांपुर, पीलीभीत और मैंगलगंज सहित विभिन्न दिशाओं से आने वाले कांवड़िए नौ प्रमुख मार्गों से गोला गोकर्णनाथ धाम पहुंचेंगे। कांवड़ यात्रा के दौरान प्रत्येक शनिवार प्रातः 8 बजे से मंगलवार रात्रि 8 बजे तक भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा तथा निर्धारित मार्गों पर डायवर्जन लागू किया जाएगा।
एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के लिए 14 क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) और यूपी-112 की 62 पीआरवी गाड़ियां लगातार गश्त करेंगी। गोला मंदिर क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात रहेगा तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए कंटीजेंसी प्लान तैयार किया गया है।
श्रद्धालुओं की सहायता के लिए जिला प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। किसी भी आपात स्थिति में जिला नियंत्रण कक्ष 9454417444, यातायात कंट्रोल रूम 9454844045, मेला पुलिस कंट्रोल रूम 9415777125 तथा यूपी-112 पर संपर्क किया जा सकता है।



