40 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

40 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
ब्यूरो रिपोर्टर- तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी। जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के अभियान के तहत पलिया पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 40 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर (स्मैक) के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी पलिया के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक पलिया के नेतृत्व में गुरुवार तड़के थाना पलिया पुलिस ने एडमाण्टेन स्कूल से आगे साई मंदिर की पूर्वी बाउंड्री के पास स्थित खाली प्लॉट से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान संजय उर्फ मक्खन (30 वर्ष), निवासी मोहल्ला रंगरेजान द्वितीय, थाना पलिया तथा राकेश कुमार उर्फ राका (28 वर्ष), निवासी बाजार प्रथम, कस्बा व थाना पलिया के रूप में हुई है।
पुलिस ने संजय के कब्जे से 15 ग्राम ब्राउन शुगर, एक एंड्रॉयड मोबाइल और 200 रुपये नकद, जबकि राकेश के पास से 25 ग्राम ब्राउन शुगर, एक रेडमी एंड्रॉयड मोबाइल और 150 रुपये नकद बरामद किए।
बरामदगी के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना पलिया में मुकदमा संख्या 205/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, दोनों अभियुक्त पहले भी एनडीपीएस एक्ट एवं आबकारी अधिनियम के मामलों में जेल जा चुके हैं। कार्रवाई करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक रामजीत यादव, महिला उपनिरीक्षक निशा शुक्ला सहित थाना पलिया की पुलिस टीम शामिल रही।



